जामताड़ा। झारखंड से एक बड़ी और दुखद खबर आ रही है। यहां पिकअप वैन और कार में हुई टक्क्र में चार लोगों की मौत हो गई है। दो घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छठ मनाने जा रहे थे बिहार
जामताड़ा के शहर थाना क्षेत्र के सतसाल में यादव होटल के पास रविवार को सड़क हादसा हुआ। इसमें कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। दो बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पूरा परिवार छठ मनाने के लिए कटिहार (बिहार) स्थित अपने गांव जा रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। उसने वाहन को जब्त कर लिया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
रिटायर्ड फौजी का परिवार
मृतक की पहचान विश्वनाथ मिश्रा (55), उनकी पत्नी यरस (50), उनका बेटा सुमित मिश्रा और बहू रागिनी मिश्रा (30) के रूप में हुई है। हादसे में 5 साल की पोती खुशी और 3 साल का पियूष जख्मी है। बताया जा रहा है कि विश्वनाथ मिश्रा रिटायर्ड फौजी थे। फिलहाल धनबाद में डीआरएम ऑफिस में कार्यरत थे। रविवार को विश्वनाथ मिश्रा अपने पूरे परिवार के साथ कटिहार जाने के लिए अपनी कार से रवाना हुए। कार जैसे ही सतसाल के पास पहुंची, सामने से आ रही पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार की मौत की मौत हो गई।
गैस कटर से निकाला गया
मिली जानकारी अनुसार कार सुमित मिश्रा चला रहे थे। हादसे के बार सुमित कार में काफी देर तक फंसे रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार को गैस कटर से काटकर उन्हें बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर चारों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल में डीसी फैज अक अहमद मुमताज और डीडीसी नमन प्रियेश लकड़ा पहुंचे। घायलों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद भिजवाया।