सामूहिक प्रयास से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने की पहल

झारखंड
Spread the love

रांची। सामूहिक प्रयास से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्‍कान लाने की पहल शुरू की गई है। इसे ‘मिशन वन मिलियन स्माइल्स अभियान’ नाम दिया गया है। इसकी शुरुआत गुरुवार को हुई। इसके तहत रांची जिले के एक दर्जन से अधिक सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ‘एकजुट प्रयास से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने’ के सामूहिक संकल्प लिया गया।

मिशन के समन्वयक रांची के उपसमाहर्ता संजय कुमार ने बताया कि इस व्यापक मुहिम के माध्यम से जिले के कई महत्वपूर्ण सक्रिय सामाजिक संगठनों ने 10 लाख यूनिट्स (स्वेटर, कंबल, गर्म टोपी, गर्म मोजे, मास्क आदि) के जुटाने और उन्हें सुपात्र जरूरतमंदों के बीच बांटने का लक्ष्य रखा है। ताकि इस सर्दियों में जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।

इस अभियान के तहत कोई भी सहभागी संस्था या आम नागरिक नए या पुराने कपड़े या अन्य वस्तुयें दान कर सकेंगे। संग्रहि‍त  किए गए कपड़ों आदि को समुचित सेनि‍टाइज करके जरूरतमंद लोगों के बीच बांटा जाएगा।

शहर में कई संग्रह केंद्र कार्यरत

एक सप्ताह तक विशेष संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इच्छुक लोग अपने पास के कलेक्शन सेंटर पर नये/ पुराने कपड़े आदि जमा करा सकते हैं। इस प्रकार के प्रमुख केंद्रों में स्पाईकर (लालपुर), फिरायालाल शोरूम (अल्बर्ट एक्का चौक), लुक्स सैलून, मारुति हाउस (चर्च कंपलेक्स), स्पाइकर (सुजाता चौक), स्प्रिंग सिटी (हिनू), फर्स्टक्राइ (कांके व लालपुर), रुईन हाउस (मोराबादी), फिराया लाल नेक्स्ट (अरगोडा),  मोरिस बेकरी डोरंडा, हिल व्यू हॉस्पिटल बरियातू, रातू रोड गुरुद्वारा, पिस्का मोड़ आदि शामिल हैं।

इस अभियान में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रभात शंकर के अलावा कुणाल अजमानी, अतुल गेरा, डॉ सुनीता यादव, शिवेंद्र मोहन शर्मा, अतुल अग्रवाल, उत्सव पाराशर, गीता शर्मा, अमित शर्मा सहित अन्‍य जुड़े हुए हैं।