- पुलिस ने मामले में 6 आरोपी को किया गिरफ्तार
गुमला । मांदर बजाने के दौरान हुए विवाद में पारा शिक्षक सहित दो हत्या की गई थी। इसका खुलासा घाघरा पुलिस ने कर दिया है। हत्या में शामिल 6 अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। बीते 6 नवंबर, 2020 को तेंदार गांव में पारा शिक्षक लालदेव असुर और उसके दोस्त रामस्वरूप खरिया की हत्या कर दी गई थी। उनके शव को इमली पेड़ के नीचे फेंक दिया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी कर हत्या में शामिल छोटू मुंडा, संदीप मुंडा, मुकेश लोहरा, गंगा लोहरा, प्रदेशीय उरांव, प्यास उरांव को गिरफ्तार किया गया। दो आरोपी अब भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक हरदीप पी जनार्दन ने बुधवार को प्रेस को दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तेंदार गांव में दशहरा कर्मा के त्योहार मेला का आयोजन किया गया था। इसमें आसपास के गांव के लोग शामिल हुए थे। पारा शिक्षक लालदेव असुर, अशोक और अपने दोस्त रामस्वरूप हरिया के साथ गया था, जो नहीं लौटा। बताया गया कि मांदर लालदेव और अशोक बजा रहा था। नाचने के दौरान अभियुक्त छोटू मुंडा को धक्का लग गया। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
देर रात छोटू मुंडा अपने 8 साथियों के साथ एक घर में दारू पी रहा था। दोनों के लौटने के क्रम में छोटू मुंडा और उसके साथियों ने इन लोगों का पीछा किया। सुनसान जगह पर दोनों को लाठी डंडा से मारकर हत्या कर दी। लाश को छुपाने के लिए एक पेड़ के नीचे छुपा दिया।
इनकी हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी थी। पारा शिक्षक की हत्या की सभी लोगों ने निंदा की। अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन करने की बात कह रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार 6 आरोपी को सलाखों में भेजने की प्रतिक्रिया पूरी कर ली है।