मां और भाई को गुजारा भत्ता नहीं देने वाले कर्मी को शो-कॉज, वेतन रोकने के आदेश

झारखंड
Spread the love

  • जनता दरबार में देर शाम तक लोगों की समस्याएं सुनी उपायुक्त ने

रांची। कुछ दिनों पहले पति को हार्ट अटैक आया। डॉक्टर ने जल्द से जल्द ऑपरेशन करने की बात कही। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। आयुष्मान योजना अंतर्गत इलाज के लिए राशन कार्ड की जरूरत थी, फरियाद लेकर महिला रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार पहुंची। उपायुक्त ने फौरन संबंधित पदाधिकारी को राशन कार्ड बनाने का निर्देश दिया। कुछ ही घंटे में महिला को राशन कार्ड मिल गया। महिला ने उपायुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब वो जल्द से जल्द अपने पति का इलाज करा पायेगी। 

अपनी मां और बड़े भाई की सहमति और उन्हें गुजारा भत्ता देने का शपथ पत्र देकर अनुकंपा पर नौकरी पाने वाले सूरज कुमार को उपायुक्त ने शो-कॉज करने का निर्देश दिया। सूरज की मां गुजारा भत्ता नहीं देने की शिकायत लेकर जनता दरबार पहुंची थी। उपायुक्त द्वारा स्थापना प्रभारी को सूरज कुमार का वेतन रोकने और शो-कॉज करने का निर्देश दिया गया। 

देर शाम तक उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री जनता दरबार में आम जनता की समस्याओं की सुनवाई करते रहे। जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा आदि से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए उपायुक्त द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को अग्रसारित करते हुए अविलंब जांच कर समाधान करने का निर्देश दिया गया।

82 वर्ष के सुकांत कुमार विश्वास वृद्धा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर जनता दरबार आये थे। मौके पर ही उपायुक्त द्वारा सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को जांच करने का आदेश दिया गया। इसमें यह स्पष्ट हुआ कि आवेदक को मार्च महीने तक की पेंशन राशि खाते में स्थानांतरित की जा चुकी है। अप्रैल एवं मई की पेंशन का भुगतान एक सप्ताह के अंदर कर दिया जायेगा।

जनता दरबार में छाया देवी सीआईपी से इलाजरत अपने पुत्र के क्लास नाइन में प्रमोशन को लेकर आयी थीं। उन्होंने बताया कि लंबी इलाज के बाद उनका पुत्र अब ठीक है। स्कूल प्रबंधन मेडिकली प्रमोशन को तैयार नहीं है। इस संबंध में उपायुक्त द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूल से बात करने का निर्देश दिया गया।

सूकर पालक संघ द्वारा जनता दरबार में होटल वेस्टेज पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित आवेदन दिया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा इस संबंध में नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी से पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।

जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा एवं बिक्री से संबंधित शिकायतें भी आयी। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी से बात कर मामले की जांच के आदेश दिये। अनुमंडल पदाधिकारी को भी उपायुक्त द्वारा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। 

जनता दरबार में उपरोक्त के अतिरिक्त अन्य शिकायतों पर भी उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित विभाग के पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, एक्‍स सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK