- समन्वय बैठक में भूमि एवं जल उत्पादकता में वृद्धि करने पर चर्चा
पटना। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर में 20 मई, 2025 को संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास के मार्गदर्शन में केंद्रीय भूजल बोर्ड, पटना के साथ एक समन्वय बैठक हुई। इसमें दोनों संस्थान के वैज्ञानिकों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य कृषि में भूजल संसाधनों के कुशल उपयोग को बढ़ावा देकर भूमि एवं जल उत्पादकता में वृद्धि करना था।
कार्यक्रम में केंद्रीय भूजल बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आर.आर. शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक डॉ. अनुप दास ने कहा कि भारत के पूर्वी क्षेत्रों के लिए जलवायु परिवर्तन एवं भूजल दोहन के परिदृश्य में भूजल का कुशल उपयोग केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि सतत कृषि के लिए एक अनिवार्यता है।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि केंद्रीय भूजल बोर्ड के अधिकारियों एवं प्रशिक्षु वैज्ञानिकों का भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर के वैज्ञानिकों के साथ यह संवाद भूजल प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक समाधानों के आदान-प्रदान का एक मूल्यवान मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि अनुसंधान परिसर के सबजपुरा फार्म के प्रक्षेत्र भ्रमण से हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय भूजल बोर्ड के प्रशिक्षु वैज्ञानिकों ने ‘जल के बहु-आयामी उपयोग मॉडल’ का अवलोकन किया। भ्रमण का नेतृत्व भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग के प्रमुख डॉ. आशुतोष उपाध्याय ने किया।
डॉ उपाध्याय ने बताया कि जल के बहु-आयामी उपयोग मॉडल और समेकित कृषि प्रणाली जैसे नवाचारी मॉडल, जल संसाधनों के बहुउद्देशीय उपयोग को बढ़ावा देते हैं। इससे किसानों की आजीविका, कृषि उत्पादकता एवं जलवायु अनुकूलन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
डॉ. उपाध्याय ने यह भी रेखांकित किया कि सौर ऊर्जा आधारित माइक्रो सिंचाई, मृदा-जल मूल्यांकन तकनीकों तथा जल संरक्षण की उन्नत कृषि पद्धतियों जैसे इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित स्वचालित सिंचाई प्रणाली को अपनाना, संसाधनों के सतत उपयोग और भूमि की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत आवश्यक कदम हैं।
इस बैठक में 26 प्रशिक्षु वैज्ञानिकों सहित 40 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे कृषि वैज्ञानिकों और भूजल विशेषज्ञों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय भूजल बोर्ड के वैज्ञानिकों द्वारा भूगर्भीय सर्वेक्षण विधियों और मृदा जल-प्रवेशन परीक्षणों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रशिक्षु वैज्ञानिकों को मृदा एवं भूजल गुणों के मूल्यांकन की व्यावहारिक तकनीकों को समझने का अवसर मिला।
प्रक्षेत्र भ्रमण के बाद एक समन्वय बैठक का भी आयोजन किया गया। इसमें डॉ. कमल शर्मा (प्रमुख, पशुधन एवं मात्स्यिकी प्रबंधन प्रभाग), डॉ. उज्ज्वल कुमार (प्रमुख, सामाजिक-आर्थिक एवं प्रसार) एवं डॉ. अजय कुमार (प्रधान वैज्ञानिक, भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग) ने केंद्रीय भूजल बोर्ड के प्रशिक्षु वैज्ञानिकों के साथ संस्थान में संचालित अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी साझा की। इस सत्र में मुख्यतः सतत भूजल प्रबंधन और कृषि विकास के लिए एकीकृत प्रयासों की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
इस कार्यक्रम का सफल समन्वयन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर के वैज्ञानिकों; डॉ. अजय कुमार, डॉ. अकरम अहमद, डॉ. पवन जीत, डॉ. आरती कुमारी एवं डॉ. एस.के. अहीरवार और केंद्रीय भूजल बोर्ड के आलोक सिन्हा एवं सत्येन्द्र कुमार ने किया। वैज्ञानिक डॉ. अकरम अहमद ने धन्यवाद किया।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK