कृष्णा नगर कॉलोनी में 25 अप्रैल को निकलेगा भव्य नगर कीर्तन

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

  • एक हजार श्रद्धालु होंगे शामिल, चौक चौराहों पर होगा स्वागत

रांची। गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा नौवें महान कीर्तन दरबार के आयोजन की तैयारियों को लेकर कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा साहिब परिसर में 30 मार्च को विशेष बैठक हुई। सत्संग सभा के इंदर मिढ़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन की बेहतरी को लेकर उपस्थित गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिए। सबसे पहले नगर कीर्तन का रूट तय किया गया, जो कि 25 अप्रैल को सुबह 4:45 बजे से 7 बजे तक निकाला जाएगा।

इस भव्य नगर कीर्तन में पांच निशानची और पांच प्यारों की अगुवाई में पुष्प सवारी पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब को विराजमान कर कृष्णा नगर कॉलोनी का भ्रमण कराया जाएगा। यह नगर कीर्तन कॉलोनी के विभिन्न चौक चौराहों से गुजरेगा। हर चौक में निवासियों द्वारा नगर कीर्तन का स्वागत किया जाएगा। नगर कीर्तन के दौरान स्त्री सत्संग सभा और माता गुजरी जत्था की महिला श्रद्धालुओं द्वारा पूरे रास्ते जल छिड़काव के साथ रास्ते की झाड़ू द्वारा सफाई की जाएगी पुष्प वर्षा की जाएगी।

सदस्यों के बीच जिम्मेवारियों का बंटवारा कर उन्हें तैयारियों में जुड़ जाने की हिदायत दी गई है।

जत्था के कारण अरोड़ा ने बताया कि यह समागम तीन दिवसीय होगा। तय हुए कार्यक्रम के अनुसार इस उपलक्ष्य में दो विशेष दीवान सजाए जाएंगे। पहला दीवान 26 अप्रैल को शाम 8 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा दीवान 27 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक दीवान सजाया जाएगा।

इस महान कीर्तन दरबार में शिरकत करने पहुंच रहे सिख पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई जसपाल सिंह जी दिल्ली वाले रांची की साध संगत को शबद कीर्तन से निहाल करेंगे। दोनों दीवानों की समाप्ति पर गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा। बैठक का संचालन सूरज झंडई ने किया।

सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि दोनों दीवानों में स्त्री सत्संग सभा और हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी द्वारा शबद गायन किया जाएगा। मुख्य ग्रंथी जानी जिवेंदर सिंह जी द्वारा कथावाचन भी होगा। पवनजीत सिंह खत्री द्वारा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यू ट्यूब चैनल मेरे साहेब पर किया जाएगा। नगर कीर्तन की ड्रोन से रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।

इस मौके पर 27 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। इससे पहले 23 से 25 अप्रैल तक रोजाना शाम 8:30 बजे से 10:00 बजे तक जत्थे के सदस्यों द्वारा गुरुद्वारा साहिब की साफ़ सफाई की सेवा की जाएगी।

आज की बैठक में सत्संग सभा के इंदर मिढ़ा, गुरुनानक भवन कमिटी के नरेश पपनेजा, जत्था के सूरज झंडई, करण अरोड़ा, विन्नी खत्री, राकेश घई, वंश डावरा, छोटू सिंह, कनिष गाबा, गीतांशु तेहरी और अमन डावरा शामिल थे।