रांची। बड़ी खबर आ रही है, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब रांची नहीं आ रहे हैं। दरअसल, झारखंड बीजेपी की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने झारखंड दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में फेरबदल हुआ है।
दिल्ली से रांची आने के बजाय अमित शाह 20 सितंबर को सीधे बाबा नगरी देवघर जाएंगे। इससे पहले अमित शाह का कार्यक्रम 19 सितंबर यानी आज रात 9:50 मिनट पर रांची पहुंचने का था, जिसके बाद वो सुबह संथाल के भोगनाडीह जाने वाले थे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री सुबह 11 बजे दिल्ली से देवघर आएंगे। देवघर बाबा मंदिर में अमित शाह के द्वारा पूजा अर्चना किए जाने की संभावना है।
तत्पश्चात वहां से वे सीधे भोगनाडीह जाएंगे, जहां वीर शहीद सिद्धो कान्हू की मूर्ति पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। भोगनाडीह से 12:30 बजे केन्द्रीय गृहमंत्री साहिबगंज पुलिस लाइन मैदान पहुंचेंगे, जहां पार्टी द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और संथाल परगना परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
उन्होंने कहा है कि झारखंड की जो हालत इस सरकार ने की है, उसे हम जनता के बीच रखने जा रहे हैं। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे और दो जगह पर उनकी सभा होगी।