रांची। शनिवार को रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी में बीएसएनएल के लिए ऑप्टिकल फाइबर बिछा रही कंपनी के एक कंटेनर में मजदूर को जिंदा जलाने के मामले में पुलिस ने 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान रवि मुंडा उर्फ प्रभात जी पिता राजू मुंडा ग्राम महुआटांड़ चारा थाना चान्हो जिला रांची, महेश उरांव पिता सुकरा उरांव ग्राम तेतरटोली थाना चान्हो जिला रांची, रुपेश पाहन उर्फ रूपेश मुंडा पिता झरी पाहन ग्राम दुल्ली थाना मैक्लुस्कीगंज जिला रांची, दिनेश उरांव पिता चुंडा उरांव ग्राम महुआटांड़ थाना चान्हो जिला रांची और अनीश केरकेट्टा पिता अशोक मुंडा ग्राम केदल थाना मैक्लुस्कीगंज जिला रांची के रूप में हुई है।
इनके पास से पुलिस ने 7।65 एमएम की एक पिस्टल, 7।65 एमएम की 2 राउंड गोली, एक देसी कट्टा, 8 एमएम की 4 कारतूस, विभिन्न कंपनियों के 5 मोबाईल फोन, लूटे गए 2 मोबाईल फोन और 2 मोटरसाइकिल (JH01DQ 9098 और JH01DR 0748) बरामद किया है। पकड़े गए अपराधियों रवि मुंडा और रूपेश मुंडा का आपराधिक इतिहास रहा है। रवि बेड़ो का रहने वाला है, जबकि रूपेश रांची जिले के ही मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र का निवासी है।
रांची पुलिस ने बताया कि जिले के मैक्लुस्कीगंज में 29 मई की रात को चामा-मैक्लुस्कीगंज रोड पर स्थित दुल्ली करमकोचा टडोला के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर को अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी थी।
इस कंटेनर में संजय भुइयां नामक मजदूर जिंदा जल गया था। इस संदर्भ में सिंह इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के चालक अखिलेश ठाकुर की लिखित शिकायत पर मैक्लुस्कीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
रांची के एसपी (ग्रामीण) के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया। इसमें खलारी के पुलिस उपाधीक्षक के अलावा खलारी के थाना प्रभारी, मैक्लुस्कीगंज के थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
टीम बनने के बाद जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने बताया कि शिकायत करने वालों के पास धमकी का एक ऑडियो था। इससे अपराधियों की गिरफ्तारी में काफी मदद मिली।