नई दिल्ली। सावधान हो जाइए, फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। तीन दिन बारिश होगी। यूपी-दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में कई दिनों तक बारिश हुई, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई। अब एक बार फिर से धूप निकलने लगी है, लेकिन आने वाले दिनों में उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
मौसम विभाग की मानें, तो 10 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देगा, जिसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 10 से 12 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी होगी।
पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में मध्यम बारिश हुई। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में छह और सात मार्च को बारिश व बर्फबारी होने वाली है। इसके अलावा, ओडिशा में छह से 9 मार्च, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 6-8 मार्च को हल्की बारिश होगी। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश होने वाली है।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार की सुबह सर्द रही। शहर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। राजधानी में मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं, सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि मार्च के पहले सप्ताह में पिछले तीन दिन से न्यूनतम तापमान लगातार 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।
आईएमडी ने कहा कि राजधानी में दिन के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान भी गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।