Jharkhand: स्पेन की महिला पर्यटक से दुमका गैंगरेप, विधायक ने की ये मांग

झारखंड अपराध
Spread the love

दुमका। झारखंड में गिरती कानून व्यवस्था से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन लाचार नजर आ रहा है। इसी बीच झारखंड की उपराजधानी दुमका से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। अलग-अलग बाइक से पति के साथ टूर पर निकली स्पेन की महिला से शुक्रवार की देर रात गैंगरेप की घटना हुई है।

घटना के बाद 28 साल की इस स्पैनिश महिला को सरैयाहाट सीएचसी में भर्ती कराया गया है। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में यह मुद्दा उठा। विधायक अमित मंडल ने कहा कि दुमका की इस घटना से झारखंड शर्मसार हुआ है।

घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमाहाट के पास की बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

बताया जा रहा है कि विदेशी महिला के साथ मारपीट भी हुई है। सरैयाहाट सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद उसे दुमका लाया जा रहा है। महिला बाइक से ही सरैयाहाट से पुलिस की सुरक्षा में दुमका पहुंच रही है।

जानकारी के अनुसार, स्पेन की यह महिला अपने पति के साथ बाइक से टूर पर निकली थी। वह दुमका के रास्ते भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रात के करीब 12:00 बजे वह हंसडीहा बाजार से पहले एक सुनसान जगह पर टेंट लगाकर सो गई।

वहीं, आसपास के कुछ युवक पहुंचे और उसके साथ गैंगरेप किया। उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता बाइक से ही फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंची।

पीड़िता के साथ मारपीट के बाद वे लोग वहां से चले गए। महिला ने पुलिस को अपने से साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे सरैयाहाट सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने सिर्फ इतना ही कहा है कि घटना हुई है।

उन्होंने बताया कि पीड़िता ने बताया है कि पांच-छह लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। महिला का मेडिकल जांच कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित स्पैनिश महिला को प्राथमिक इलाज के बाद दुमका लाया जा रहा है।

सुबह पुलिस घटनास्थल की पड़ताल करने के लिए पहुंची। पुलिस की टीम के साथ फॉरेंसिक विभाग के एक्सपर्ट्स की टीम भी जांच करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची। उधर, पीड़ित विदेशी महिला खुद बाइक चलाकर दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल जांच के लिए पहुंची। पुलिस की टीम उसे एस्कॉर्ट करके लाई।

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में भी दुमका में विदेशी महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला गूंजा। विधायक अमित मंडल ने इस मुद्दे को उठाया और कहा कि ऐसी घटना से झारखंड की पूरी दुनिया में बदनामी हुई है।

झारखंड शर्मसार हुआ है। उन्होंने दुमका के एसपी को तत्काल हटाने की मांग की। कहा कि, इस मामले में सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसी घटना से प्रदेश की बदनामी होती है।