छत्तीसगढ़। रायपुर जिले में लगातार सड़क हादसों में मौतें हो रही है। इसे रोकने के लिए यातायात पुलिस स्कूल- कॉलेज में यातायात जागरुकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सचिंद्र कुमार चौबे के निर्देशन में मुजगहन – सेजबहार स्थित शंकराचार्य कॉलेज में यातायात कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को किया गया।
कार्यशाला में उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर गुरजीत सिंह, यातायात प्रशिक्षक टीके भोई और आरक्षक सहदेव वर्मा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क हादसे से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें। कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनना आवश्यक है। सड़क हादसे में ज्यादातर मौत सिर में चोट लगने की वजह से होती है। लिहाजा हेलमेट पहनने से मौत से बचा जा सकता है।
वाहन चलाते समय हड़बड़ी नहीं करें, क्योंकि घर में कोई आपका इंतजार कर रहा होता है। चौक-चौराहों से गुजरते समय ट्रैफिक सिग्नल्स का पालन करें। रोड मार्किंग, संकेतक, विद्युत सिग्नल के बारे में बताते हुए सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की सलाह दी।
सड़क दुर्घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में लोग डरते हैं। उन्हें लगता है कि घायल व्यक्ति की मदद करने से पुलिसकर्मी अनावश्यक सवाल करके परेशान करेंगे। बाद में कोर्ट कचहरी का चक्कर काटना पड़ेगा। अब डरने या परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इस संबंध में भूतल परिवहन मंत्रालय ने दिशा निर्देश जारी किया है। दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले को प्रोत्साहित करने के लिए भी कहा गया है।
गुरजीत सिंह ने गुडसेमेरिटन के बारे में छात्र-छात्राओं को बताते हुए बिना डरे घायलों की मदद करने की अपील की। कॉलेज के प्राचार्य एवं कॉलेज के लगभग 300 छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
बता दे कि शंकराचार्य कॉलेज में 30 और 31 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम में लगभग 600 छात्र छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर पालन के प्रति जागरूक किया गया।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।
आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।