भारतीय मूल के थरमन शणमुगारत्नम ने सिंगापुर में जीता राष्ट्रपति का चुनाव, जानें मिले कितने वोट

दुनिया
Spread the love

सिंगापुर। पूरी दुनिया में भारतीय मूल के लोगों का डंका बज रहा है। सिंगापुर में करीब एक दशक बाद हुए राष्ट्रपति के चुनाव में भारतीय मूल के थरमन शणमुगारत्नम ने बाजी मार ली है। थरमन शणमुगारत्नम चुनाव में 70 फीसदी से अधिक मत मिले हैं। सिंगापुर के चुनाव आयोग ने इसकी घोषणा की। इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव में शुक्रवार को लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया।

बता दें कि निवर्तमान राष्ट्रपति हलीमा याकूब का छह वर्ष का कार्यकाल 13 सितंबर को समाप्त हो रहा है। वह देश की आठवीं राष्ट्रपति हैं और इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं। सिंगापुर में वर्ष 2017 का राष्ट्रपति चुनाव एक आरक्षित चुनाव था, जिसमें केवल मलय समुदाय के सदस्यों को चुनाव लड़ने की अनुमति थी। उस दौरान हलीमा को राष्ट्रपति नामित किया गया था, क्योंकि कोई अन्य उम्मीदवार नहीं था। सिंगापुर में वर्ष 2011 के बाद यह पहला राष्ट्रपति चुनाव है।

भारतीय मूल के सिंगापुर में जन्मे 66 वर्षीय अर्थशास्त्री शणमुगारत्नम ने देश की संस्कृति को दुनिया में “उज्ज्वल” बनाए रखने के संकल्प के साथ पिछले महीने औपचारिक रूप से राष्ट्रपति पद के लिये अपना अभियान शुरू किया था। वह सख्त मानदंडों के तहत चुने गए तीन उम्मीदवारों में से एक हैं।

सिंगापुर में राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी करने वाले उम्मीदवारों के लिए कड़ी योग्यता प्रक्रिया है। राजनीति में 2001 में आए शणमुगारत्नम ने दो दशक से अधिक समय तक सत्तारूढ़ पीपुल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) के साथ सार्वजनिक क्षेत्र के और मंत्री पदों पर कार्य किया है। सिंगापुर में राष्ट्रपति पद के लिए पहला चुनाव 28 अगस्त 1993 को हुआ था।