नई शिक्षा नीति पर निजी विद्यालयों में कार्यशाला करेगा पासवा

झारखंड
Spread the love

रांची। प्राईवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की बैठक 23 सितंबर को मुख्‍य संरक्षक सह वित्त मंत्री डॉ रामेश्‍वर उरांव के कचहरी स्थित सरकारी आवास पर हुई। इसमें प्रदेश एवं जिला स्तरीय पदधारी सहित संगठन से जुड़ने जा रहे रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं निदेशक मौजूद थे।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने संगठन के विस्तार पर चर्चा की। नए सिरे से रांची, चतरा आदि विभिन्न जिलों में नई कमेटी के गठन पर चर्चा की गई। एक्टिव सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेवारी देने पर बल दिया गया।

पासवा ने तय किया कि झारखंड के निजी विद्यालयों में शिक्षा की गुणात्मकता को बढ़ाने के लिए नई शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रावधानों और नवीन सुधारों पर विस्तृत चर्चा के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों के निजी विद्यालयों की ज्वलंत समस्याओं पर संज्ञान लि‍या गया। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कोर्ट के स्टे आर्डर के बावजूद एक दो जिलों में शिक्षा विभाग के अधिकारी निजी विद्यालयों के संचालकों को मान्यता के प्रश्न पर विभिन्न नोटिस द्वारा धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने पासवा की याचिका पर सुनवाई करते हुए 22 अगस्त, 2023 को 2019 के निजी विद्यालयों पर मान्यता के प्रश्न पर कार्रवाई न करने के पुराने स्टेआर्डर को कंटि‍न्यू रखा है। शिक्षा सचिव एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा किसी भी निजी विद्यालय को परेशान नहीं करने की स्पष्ट हिदायत दी है। यह मामला अभी कोर्ट में लंबित है। अगली सुनवाई 17 अक्टूबर 2023 को है।

इसके बावजूद झारखंड के चतरा सहित कुछ जिलों में निजी विद्यालयों को मान्यता संबंधी ऑनलाइन फॉर्म भरने की बात कह कर परेशान किया जा रहा है। कभी मान्यता के प्रश्न पर दबाव बनाया जाता है तो कभी झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली आठवीं बोर्ड की परीक्षा में बच्चों को नहीं सम्मिलित करने की धमकी देकर परेशान किया जाता है। निजी विद्यालयों को बार-बार आरटीई के नए संशोधित नियमावली का डर दिखाकर परेशान किया जा रहा है।

बैठक में सदस्‍यों ने कहा कि कोचिंग इंस्टीट्यूट्स झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को दीमक की तरह चाट रहे हैं। डॉक्टर, इंजीनियर बनने का सपना दिखाकर अभिभावक एवं बच्चों को बाहर से आकर लूट रहे हैं। बच्चे अपना सब कुछ लूटता हुआ देख रहे हैं। पढ़ाई का बोझ इन्हें खुदकुशी करने पर मजबूर कर रहा है। पासवा ने मुख्यमंत्री से कोचिंग इंस्टिट्यूट संचालन के लिए सख्त कानून बनाने का आग्रह किया।

पासवा 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती सभी जिला मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। विद्यालयों में बापू के संदेशों से अवगत कराएगा। रांची में 1 अक्टूबर को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में 1001 दीप जलाकर कर श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।

बैठक में रांची महानगर पासवा अध्यक्ष सह संत मोनिका एंड गैब्रियल स्कूल की डायरेक्टर डॉ सुषमा केरकेट्टा, प्रदेश सचिव सह झारखंड पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर संजय प्रसाद, छोटानागपुर पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सुखनाथ महतो, ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल की प्राचार्य नाजिया तबस्सुम, ग्लोबल कान्वेंट स्कूल के निदेशक मोहम्मद मिस्बाह, अफाक एकेडमी के प्राचार्य महताब अंसारी, एसटीकेएमसी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मोहम्मद उस्मान, पैरामाउंट स्कूल के डायरेक्टर सैयद अंसारुल्लाह, जीपीएस सिटी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मसूद कच्ची, सनराइज अकादमी के डायरेक्टर गुलाम गौस, संत जीएम स्कूल के डायरेक्टर मो. अर्श, एएस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मयूर दास भी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।