दो की जगह एक महीने का राशन मिलने पर लाभुक आक्रोशि‍त, डीलर ने कही ये बात

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चटनिया गांव के जनवितरण प्रणाली के दुकानदार नागेंद्र राम कार्डधारियों को सितंबर महीने का राशन दे रहे हैं। अगस्त का राशन नहीं दिया गया है। यह आरोप लाभुकों ने लगाया।

लाभुकों ने कहा कि भीषण अकाल से हम जूझ रहे हैं। डीलर नागेंद्र राम के पास जब राशन लेने पहुंचे, तब सितंबर महीने का राशन दिया जा रहा था। अगस्त महीने के राशन के सम्बंध में डीलर ने कहा कि उसे ऊपर से ही एक महीने का राशन मिला है। जहां जाना है, जाए। एक महीने का ही राशन दे सकता हूं।

लाभुकों ने बताया कि 8 दिन पूर्व ही अंगूठा लगवा लिया जाता है। दो महीने का अंगूठा लगवा कर एक महीने का राशन दिया जा रहा है। लाभुकों ने बताया कि प्रत्येक महीने हर लाभुक के राशन से 2 किलो की कटौती भी की जाती है। उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें दो महीने का राशन मिलना चाहिए। इसके लिए प्रखंड कार्यालय का घेराव करने तक को लाभुक तैयार हैं।

पूछे जाने पर डीलर नागेंद्र राम ने कहा कि सितंबर माह के लिए भी 17 क्विंटल गेहूं मुझे कम मिला है। एलॉटमेंट के मुताबिक 148 क्विंटल ही केवल मिला है। अगस्त माह के लिए नहीं मिला है। प्रक्रिया के तहत दौड़-धूप कर रहा हूं। जब अगस्त महीने का राशन मुझे मिल जाएगा, तब लाभुकों को अवश्य दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोदाम से राशन कम मिलता है। इसके कारण प्रत्येक लाभुकों के राशन से दो किलो की कटौती की जाती है।

इस सम्बंध में पंचायत मुखिया प्रतिनिधि लालू यादव ने कहा कि लाभुकों को अगस्त व सितम्बर दो महीने का राशन मिलना चाहिए। यदि डीलर द्वारा केवल सितम्बर का राशन दिया जा रहा है तो उसकी मनमानी है। लाभुकों के बीच राशन वितरण कराने के लिए पंचायत सेवक व रोजगार सेवक को प्रतिनियुक्त किया गया है। हालांकि चटनियां पंचायत में किसी भी डीलर के पास पंचायत सेवक व रोजगार सेवक राशन वितरण कराने नहीं पहुंचे। इससे स्पष्ट होता है कि या तो लापरवाही बरती जा रही है या उपायुक्त के निर्देश की धज्जियां उड़ाई जा रही है।

पंचायत सेवक शाहिद अंसारी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उपायुक्त का निर्देश है। हर हाल में डीलर लाभुकों के बीच अगस्त व सितम्बर दोनों माह का राशन वितरण करें। इसमें डीलर की कोई गुंजाइश नहीं है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।