नई दिल्ली। विश्व स्तर पर सार्स-कोविड-2 वायरस के कुछ नए वेरिएंट पाए जाने की रिपोर्टों आई है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ पीके मिश्र ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसमें कोविड-19 की वैश्विक और राष्ट्रीय स्थिति, प्रचलन में मौजूद नए वेरिएंट और उनके जन स्वास्थ्य पर प्रभावों की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य सचिव ने कोविड-19 की वैश्विक स्थिति को लेकर व्यापक जानकारी दी। इसमें सार्स-कोविड-2 वायरस के कुछ नए वेरिएंट के बारे में बताया गया। कहा कि बीए.2.86 (पिरोला) और ईजी.5 (एरिस) आदि के मामले विश्व स्तर पर सामने आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार ईजी.5 (एरिस) 50 से अधिक देशों में रिपोर्ट की गई है। वैरिएंट बीए.2.86 (पिरोला) चार देशों में पाया गया है।
इस बात पर प्रकाश डाला गया कि बीते सात दिनों में विश्व स्तर पर कोविड-19 के 2 लाख 96 हजार 219 नए मामले सामने आए। वैश्विक आबादी में लगभग 17 प्रतिशत जगह रखने वाले भारत में पिछले हफ्ते में केवल 223 मामले (वैश्विक नए मामलों का 0.075 प्रतिशत) दर्ज किए हैं।
पूरे देश में कोविड-19 के नए मामलों का दैनिक औसत 50 से नीचे है। देश साप्ताहिक परीक्षण पॉजिटिविटी दर को 0.2 प्रतिशत से नीचे रखने में कामयाब रहा है। भारत में मिल रहे विभिन्न वेरिएंट की जीनोम सीक्वेंसिंग के बारे में भी बताया गया।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद डॉ पीके मिश्र ने कहा कि देश में कोविड-19 की स्थिति स्थिर बनी हुई है। देश में सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियां पूरी तरह तैयार हैं। फिर भी जरूरत है कि आईएलआई/एसएआरआई के मामलों के रुझानों पर राज्य नजर रखें। पर्याप्त नमूने भेजें, ताकि पूरी जीनोम सीक्वेंसिंग में तेजी लाते हुए कोविड-19 के परीक्षण किए जा सकें। नए वैश्विक वेरिएंट पर कड़ी नजर बनाए रखी जा सके।
बैठक में नीति आयोग के सदस्य डॉ विनोद पॉल, कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, सलाहकार पीएमओ अमित खरे, सचिव (स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय) सुधांश पंत, सचिव (डीएचआर और डीजी आईसीएमआर) राजीव बहल, सचिव (जैव प्रौद्योगिकी) राजेश एस. गोखले और प्रधानमंत्री के अपर सचिव सुश्री पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने हिस्सा लिया।
- खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।
- आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।