रांची। राजधानी रांची के बरियातू से सटे चिरौंदी में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो सगे भाइयों अशोक कुमार गुप्ता और धर्मेंद्र कुमार गुप्ता के साथ उनके सहयोगी विजय उरांव को गिरफ्तार किया है।
दोनों भाईयों की गिरफ्तारी पहाड़ी मंदिर के पीछे से हुई, जबकि विजय की गिरफ्तारी मान्या पैलेस के समीप से हुई है। इनके पास से एक लोडेड पिस्टल, 14 गोली, एक देसी कट्टा, दो मोबाईल, एक बुलेट और घटना के वक्त पहने हुए कपड़े बरामद किये गए हैं।
रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता की वजह से मुकेश साव और उसके स्टॉफ रोहन की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
मुकेश साव और उसका स्टॉफ रोहन कुमार 11 अगस्त की रात जूस की दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान बुलेट पर सवार अशोक कुमार गुप्ता और धर्मेन्द्र कुमार गुप्ता ने दोनों की चिरौंदी में गोली मारकर हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि रांची जूस सेंटर के मालिक धर्मेंद्र और अशोक ने मुकेश कुमार के जूस के बढ़ते कारोबार से परेशान होकर दोनों की हत्या कर दी। मुकेश साव ने मोरहाबादी में तीन जूस सेंटर खोल रखा था और वह चौथे जूस सेंटर खोलने की तैयारी में था।
इससे रांची जूस सेंटर के मालिक को आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह बात भी सामने आयी थी कि मुकेश और रोहन से दोनों अपराधियों ने पहले बातचीत की और फिर दोनों को गोली मार दी।
एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया किया। एसआईटी टीम ने बिहार के औरंगाबाद और गया में छापेमारी की। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अशोक और धर्मेंद्र दोनों बिहार भाग गए थे।
पुलिस के भारी दबाव की वजह से दोनों आरोपित कोर्ट में सरेंडर करने की भी प्लानिंग कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में धर्मेंद्र और अशोक की मदद करने वाले विजय उरांव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
हत्याकांड को अंजाम देने के लिए धर्मेंद्र और अशोक ने औरंगाबाद से 70 हजार में दो हथियार और गोलियां खरीदी थीं। शुक्रवार की रात एसआईटी को जानकारी मिली थी कि धर्मेंद्र और अशोक दोनों ही बंगाल से रांची पहुंच कर एक परिचित के घर पनाह लिए हुए हैं। सूचना मिलने के बाद स्पेशल टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों अपराधियों ने यह खुलासा किया है कि जूस के बढ़ते बिजनेस को लेकर ही उन्होंने मुकेश और उसके स्टाफ की हत्या की थी। हत्या में प्रयोग किए गए हथियार को कांके ब्लॉक चौक से बरामद किया गया।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।
आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।