दरभंगा। हैरान कर देने वाली खबर बिहार के दरभंगा जिले से आई है। यहां अपने प्रेमी से मिलने नेपाल से दरभंगा दो बच्चों की मां पहुंची है। हालांकि, लड़के ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया है।
इस मामले में शुक्रवार देर हाई वोस्टेज ड्रामा जारी है। नेपाल निवासी संगीता देवी अपने दोनों बच्चों को पति के पास छोड़ आई। इसके बाद अपने प्रेमी गोविंद कुमार की तलाश में दरभंगा आ गई। काफी मशक्कत के बाद संगीता ने अपने प्रेमी का घर ढूंढ निकाला।
हालांकि जब इसकी जानकारी गोविंद की पत्नी को मिली, तो वह आपा खो बैठी। उसने संगीता को घर में दाखिल होने से रोक दिया। कुछ ही देर में हंगामा शुरू हो गया। आसपास के लोग जुट गए। इस बीच मौका देख गोविंद कुमार घर से भाग गया। संगीता चीख-चीखकर कहने लगी कि वह गोविंद से प्यार करती है। वह उसका पति है। उसने शादी करने की बात कही है।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, नेपाल से आई महिला ने वापस जाने से मना कर दिया। वह गोविंद के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। इससे नाराज होकर गोविंद के मकान मालिक ने घर खाली करने को कहा है।
गोविंद कुमार लहेरियासराय के बाकरगंज में रहता है। वह पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित बंधन बैंक का कर्मचारी है। गोविंद और संगीता की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी।
प्रेमिका का दावा है कि सीमावर्ती क्षेत्र में उसका घर है। जहां से गोविंद से मिलने आती थी। इस दौरान दोनों ने मंदिर में विवाह कर लिया। कुछ दिनों बाद प्रेमी से उसे छोड़कर फरार हो गया। पता चला कि उसने अपना ट्रांसफर करा लिया है। इसके बाद उसकी तलाश में दरभंगा पहुंची।