धनबाद। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने धनबाद के तेतुलमारी स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्रा उषा कुमारी की मौत के मामले को गंभीरता से लिया है। इसकी जांच के लिए आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो 15 जुलाई को झारखंड के धनबाद आएंगे।
जानकारी हो कि विगत 10 जुलाई को धनबाद के तेतुलमारी थाना क्षेत्र की हनुमानगढ़ी कॉलोनी निवासी स्व. विजय बावरी और वंदना देवी की पुत्री उषा कुमारी ने आत्महत्या कर ली थी। वह धनबाद के तेतुलमारी स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्रा थी।
विद्यालय की शिक्षिका सिंधु झा ने छात्रा को बिन्दी लगाने पर सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारा था। अपमानित किया था। इससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली थी। उषा ने आत्महत्या से पूर्व सुसाइड नोट भी लिखा था। इसके बाद स्थानीय लोगो ने आंदोलन किया। फिर पुलिस ने कार्रवाई की। शिक्षिका और प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य सह ओडिशा के प्रदेश प्रभारी शशांक राज ने इस मामले को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के ध्यान में लाया था। इस संबंध में आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो को ज्ञापन सौंप कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसे संज्ञान में लेते हुए प्रियंक धनबाद आएंगे।