रियाद। बड़ी खबर सऊदी अरब से आ रही है। यहां एक साथ पांच अपराधियों को फांसी की सजा दी गयी। सऊदी अरब के चार और मिस्र के एक नागरिक को सामूहिक फांसी दी गई। ये लोग एक पूजा स्थल पर हमले के दोषी थे। इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई थी और अनेक लोग घायल हुए थे।
पांच लोगों को सामूहिक फांसी दिए जाने के साथ ही इस साल सऊदी अरब में मौत की सजा दिए जाने की कुल संख्या 68 तक पहुंच गई है। आतंकवाद से संबंधित अपराधों के लिए मई की शुरुआत से अब तक 20 से अधिक लोगों को फांसी दी जा चुकी है। मई के अंत में आतंकवाद के दोषी बहरीन के दो नागरिकों को मौत की सजा दी गयी थी।
आपको बता दें कि पिछले साल सऊदी अरब ने कुल 147 लोगों को फांसी दी थी, जबकि साल 2021 में 69 लोगों को मौत की सजा दी थी। मार्च, 2022 में आतंकवाद से संबंधित अपराधों के लिए एक ही दिन में 81 लोगों को फांसी दी थी। इससे पहले सबसे अधिक 1979 में मक्का में ग्रैंड मस्जिद पर कब्जा करने के दोषी 63 आतंकवादियों को 1980 में सामूहिक फांसी दी थी।