JHARKHAND: धनबाद में अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत नौ सदस्य गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

धनबाद। शनिवार को धनबाद जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह में शामिल एक महिला समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनके पास से नकदी समेत हथियार भी बरामद किया है। यह गिरोह हत्या और दहशत फैलाने जैसे करीब 30 अलग-अलग आपराधिक घटनाओं में सीधे शामिल रहा है।

धनबाद एसएसपी संजीव कुमार ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गिरोह का खुलासा करते हुए कहा कि धनबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक महिला समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि ये सभी धनबाद की अलग-अलग जगहों पर हुई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी झारखंड और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जो झारखंड  के धनबाद, बोकारो, दुमका, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात में भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

इस गिरोह की उत्तर प्रदेश पुलिस से भी मुठभेड़ हो चुकी है। यह गिरोह धनबाद में अमन सिंह और प्रिंस खान के लिए काम किया करता था। उन्होंने बताया कि यह गिरोह वर्ष 2021 में बरवाअड्डा स्थित ”किया” शोरुम पर फायरिंग, वर्ष 2022 में झरिया में रंजीत साव हत्या कांड, वर्ष 2022 व्यवसाई पप्पु मंडल के घर पर फायरिंग, वर्ष 2023 में केन्दुआडीह के राजेश यादव पर जानलेवा हमला, वर्ष 2023 में कतरास निवासी मनोज यादव हत्याकांड, वर्ष 2023 उपेन्द्र सिंह हत्याकांड, वर्ष 2023 में बरवाअड्डा के राजकुमार साव हत्याकांड, वर्ष 2023 में चन्द्रपुरा स्क्रेप व्यापारी सनाउल्लाह के घर पर फायरिंग, वर्ष 2022 में हुए दुमका जिला जेल गेट के बाहर फायरिंग, पश्चिम बंगाल में पिछले दिनों हुए हाई प्रोफाइल हत्याकांड सहित गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई आपराधिक मामलों में सीधे शामिल है।