संजय सिन्हा
बड़बिल (ओडिशा)। यात्री बस और टैंकर की हुई टक्कर में बस चालक की मौत हो गई। करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पश्चिम सिहभूम के नोवामुंडी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप 8 मई को घटी।
जानकारी के मुताबिक यात्री बस बड़बिल से चाईबासा की ओर जा रही थी। पश्चिम सिहभूम जिले के नोवामुंडी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टैंकर से बस की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दुघर्टना में करीब 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर नोवामुंडी थाना प्रभारी अंकित सिंह एवं पुलिस के जवानों ने राहत कार्य आरंभ किया। घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों ने भी नोवामुंडी के टाटा अस्पताल में इलाज के लिए भेजने में सहायता की। दुघर्टना में बस चालक सिन्हा पान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
बस चालक सिन्हा पान किरीबुरू स्थित प्रोस्पेक्टिग के टीओपी हार्टिग का रहनेवाला था। इस दुघर्टना में अनेकों घायलों की हालत काफी खराब बताई जा रही है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।