MP: खरगोन में 50 फीट ऊंचे पुल से गिरी बस, 15 यात्रियों की मौत, सवार थे 50 यात्री, देखें वीडियो

मध्य प्रदेश देश
Spread the love

मध्य प्रदेश। दुखद और बड़ी खबर मध्य प्रदेश के खरगोन से आ रही है। यहां मंगलवार को एक भीषण हादसा हो गया। खरगोन में एक बस के पुल से गिर जाने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं, लगभग 20 अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस इंदौर जा रही थी, तभी पुल से फिसलकर नीचे गिर गई। इलाके के स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया और दुर्घटना में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

राज्य सरकार ने वित्तीय राहत की घोषणा की है। उधर, कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

दुर्घटना के बाद, मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिवार के सदस्यों को चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। राज्य सरकार ने गंभीर रूप से घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए 50,000 रुपये, जबकि घायलों को 25,000 रुपये देने की भी घोषणा की।

बस के गिरते ही वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। बोराड के 50 फीट ऊंचे पुल से बस नीचे गिरी है, जिससे लोग हताहत हुए। बस मां शारदा ट्रेवल्स की बताई जा रही है।

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बस रेलिंग तोड़कर बैराड़ नदी में गिरी है। 15 लोगों की मृत्यु हो गई है और 20-25 लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश सरकार ने खरगोन बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।