मौत बांट रहा बिजली तार, विभाग बेपरवाह

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। बिजली तार मौत बांट रहा है। आए दिन तार की चपेट में आने से लोगों की मौत हो रही है। इसके बाद भी बिजली पोल और तार को स्थानांतरण करने में विभाग ध्‍यान नहीं दे रहा है। यह मामला जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के सोनपुरा गांव की है।

यहां से गुजर रहे बिजली तार की चपेट में आने से लगातार लोगों की मौत हो रही है। ताजा घटना बीते सोमवार की है। उक्‍त गांव निवासी रामप्यारी यादव के 27 वर्षीय पुत्र मुकेश यादव की मौत करंट लगने से हो गई।

जानकारी के अनुसार उक्त गांव के ही सुरेंद्र मेहता के निर्माणाधीन घर में ठीकेदार प्रेमचंद मेहता द्वारा सेटरिंग लगाने का काम किया जा रहा था। इसमें मुकेश मजदूरी कर रहा था। घर के नजदीक और ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्टेज की तार में 20 फीट के लोहे की पाइप से स्पर्श हुआ। उसे जोरदार करंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों द्वारा आनन-फानन में सदर अस्पताल गढ़वा ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्री व एक पुत्र को छोड़ गया। तीनों बच्चों की उम्र 5 वर्ष से कम है।

करंट लगने से मौत की यह दूसरी घटना है। बीते 5‍ सितंबर, 2022 को भी 11 हजार वोल्टेज की इसी तार से चार लोगों को करंट लगा था। सभी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान ऊदल यादव की मौत हो गई थी। ठीक 15 दिनों के बाद सगुनी मेहता की भी मौत हो गई थी।

ग्रामीणों ने मृतक की पत्‍नी को नौकरी और आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की है।