सांस्कृतिक महोत्सव में 10 विधाओं की होगी प्रतियोगिताएं, फॉर्म 25 अप्रैल तक होंगे जमा

झारखंड
Spread the love

  • अब तक 1100 से अधिक लोगों ने जमा किए फॉर्म

रांची। सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में 10 विधाओं पर प्रतियोगिताएं होगी। फार्म जमा करने की तारीख 25 अप्रैल कर दी गई है। यह जानकारी रांची सांसद संजय सेठ ने 14 अप्रैल को मीडिया को दी। इस अवसर पर पद्मश्री मुकुंद नायक, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू भी मौजूद रहे।

सांसद ने बताया कि बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने इस महोत्सव में रुचि दिखाई है। रांची लोकसभा क्षेत्र स्तरीय इस महोत्सव में रांची, हटिया, सिल्ली, खिजरी, ईचागढ़ और कांके विधानसभा क्षेत्र से प्रतिभागी भाग लेंगे। नवोदित कलाकार और प्रतिभागियों की उत्सुकता और उत्साह को देखते हुए प्रविष्टि की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 25 अप्रैल कर दिया गया है। अभी तक कुल 1100 से अधिक लोगों ने महोत्सव में भाग लेने के लिए आवेदन दिया है।

सांसद ने यह भी बताया कि इस महोत्सव में उद्घाटन में केंद्रीय संस्कृति मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा मौजूद रहेंगे। वही दूसरे दिन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास की उपस्थिति कार्यक्रम में रहेगी। महोत्सव के समापन के अवसर पर मुख्य रूप से केंद्रीय सूचना प्रसारण, युवा एवं खेलकूद मंत्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी मौजूद रहेंगी।

सेठ ने बताया कि सांस्कृतिक महोत्सव में 10 विधाओं की प्रतियोगिता होगी, जिसमें नवोदित कलाकार अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही प्रतियोगिता के अलावे प्रतिदिन शाम में झारखंड के प्रमुख कलाकारों के द्वारा प्रस्तुति भी दी जाएगी।

सांसद ने बताया कि महोत्सव में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, अनेकता में एकता, गुरु शिष्य परंपरा, स्वतंत्रता सेनानी, वसुधैव कुटुंबकम, तकनीकी नवाचार, प्राकृतिक खेती से जुड़े थीम पर भी प्रस्तुति प्रतियोगिता होगी।

पद्मश्री मुकुंद नायक ने इसे अनूठा कार्यक्रम बताया। कहा कि यह पहला मौका है, जब कला और कलाकारों के प्रति किसी सांसद ने प्रेम दिखाया है। अपनी रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि महोत्सव झारखंड के लिए ऐतिहासिक महोत्सव होगा।

पूर्व सांसद राज्यसभा अजय मारू ने महोत्सव की तैयारियों व अन्य विषयों की जानकारी दी। लगभग 1000 से अधिक पुरस्कार प्रतिभागियों को दिए जाएंगे। इस महोत्सव पर पूरे देश की नजर है। यह महोत्सव सिर्फ रांची लोकसभा क्षेत्र का महोत्सव न होकर पूरे देश का महोत्सव बने, राष्ट्रीय पटल पर अमिट  छाप बनाए, इस दिशा में हम और हमारी पूरी टीम काम कर रही है।