Jharkhand : स्कूलों की टाइमिंग में हो सकता है बदलाव, जानें वजह

शिक्षा झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड (Jharkhand) में संचालित स्‍कूलों की टाइमिंग बदल सकती है। इसकी बड़ी वजह सामने आई है। राज्य में अत्यधिक गर्मी पड़ने एवं लू को ध्यान में रखते हुए पिछले दिनों स्‍कूल की टाइमिंग में बदलाव किया गया था।

जानकारी हो कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आदेश के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने अत्यधिक गर्मी पड़ने एवं लू को ध्यान में रखते हुए राज्य में संचालित स्‍कूलों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया था।

बदलाव के तहत सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त / गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में कक्षा KG से 5 तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चल रही है। कक्षा 6 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 12 बजे तक संचालित हो रही है।

आदेश में कहा गया था कि प्रार्थना सभा या खेलकूद एवं अन्य गतिविधियां धूप में संचालित नहीं की जाएगी। मध्याह्न भोजन का संचालन जारी रहेगा। यह आदेश 25 अप्रैल, 2023 तक के लिए लागू किया गया है।

जानकारी हो कि झारखंड में 22 अप्रैल से मौसम का‍ मिजाज बदल गया। कई जिलों में आंधी-बारिश हुई। इसके कारण तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। राज्‍य के गोड्डा जिले का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार गया था। बारिश होने के बाद यह गिरकर 38.3 डिग्री हो गया है।

मौसम केंद्र के आंकड़े के अनुसार सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गए हैं। मौसम केंद्र के अनुसार 29 अप्रैल तक राज्‍य के विभिन्‍न जिलों में बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर की गति से हवा चलने की संभावना है। जानकारों के अनुसार बारिश होने से तापमान में और भी गिरावट होने की उम्‍मीद है।