झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्‍कूलों की टाइमिंग बदलने की मांग की

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा सचिव से स्‍कूलों की समय सारणी में बदलाव की मांग की। इस संबंध में संघ के अध्‍यक्ष अजय राय ने मेल के माध्यम से एक पत्र 16 अप्रैल को शिक्षा सचिव को भेजा है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पत्र में सरकार का ध्यान राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिले की ओर दिलाया है। उन्‍होंने कहा है कि मौसम में बदलाव के साथ लगातार बढ़ती गर्मी से जनजीवन पर इसका सीधा असर हो रहा है। ऐसे में स्कूलों के छोटे-छोटे बच्चों पर इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है।

राय ने कहा है कि कई बच्चों को बुखार के साथ गंभीर बीमारियों से जूझना पड़ रहा है। कई को खून की उल्टियां, दस्त, सर में दर्द आदि भी हो रहे हैं, जिसकी कई शिकायत विभिन्न स्कूलों के अभिभावकों द्वारा संघ को दी गई है।

अध्‍यक्ष ने पत्र में कहा है कि राजधानी रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह, लोहरदगा, पलामू, देवघर सहित विभिन्न जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा चुका है। पारा में लगातार बढ़ोतरी हो ही रही है। इसके बावजूद बच्चे प्रातः 6 बजे से शाम 4 तक स्कूलों से आना-जाना कर रहे हैं। इससे इनके स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर देखा जा सकता है।

अजय राय ने बताया कि शहर के ज्यादातर हॉस्पिटल और विभिन्न डॉक्टरों की क्लि‍निक का सर्वे भी कराकर देखा जा सकता है कि किस तरह से वहां मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसमें बच्चों की संख्या काफी है। मौसम विभाग की ओर से भी दिन में बाहर निकलने से परहेज करने की अपील की जा रही है।

अध्‍यक्ष ने विभाग से आग्रह करते हुए कहा है कि है कि हर जिले के बढ़ते तापमान को देखते हुए वहां सरकारी गैर सरकारी स्कूलों के समय सारणी में बदलाव करें। बदलाव से छोटे-छोटे बच्चों को गर्मी से बचाया जा सकेगा। उनकी पढ़ाई भी बाधित नहीं होगी।