सीएम नीतीश ने मुजफ्फरपुर में किया इथेनॉल प्लांट का उद्घाटन, कहा- इतने लोगों को मिलेगा सीधे रोजगार

बिहार देश
Spread the love

मुजफ्फरपुर। हनुमान जन्मोत्सव पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दक्षिण बिहार को एक और सौगात दी है। उन्होंने मोतीपुर में इथेनॉल प्लांट का उद्घाटन किया है। मोतीपुर में शुरू हुए इथेनॉल प्लांट से रोजगार का द्वार खुलेगा।

उद्योग विभाग की ओर से दावा किया गया है कि नये इथेनॉल प्लांट में 1,300 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमें 300 प्रत्यक्ष रूप से और 1,000 अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ेंगे। उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक ने बताया है कि मोतीपुर में 152 करोड़ की परियोजना लागत से ग्रीन फील्ड अनाज आधारित इथेनॉल प्लांट तैयार हुआ है। एक वर्ष के अंदर यह दूसरा इथेनॉल प्लांट है, जिसका उद्घाटन होगा।

उद्योग विभाग की ओर से बताया गया है कि बिहार भारत का अनाज आधारित इथेनॉल हब बनने की राह पर है। इसमें निकट भविष्य में उत्तर बिहार की अहम भूमिका होगी।

प्रधान सचिव ने यह भी जानकारी दी है कि सरकार की इथेनॉल नीति के तहत बिहार में कई और ग्रीन फील्ड प्लांट पूरा होने के करीब है। इसमें मुजफ्फरपुर में 2, नालंदा में 3, बेगूसराय में 1 और बक्सर में 1 इथेनॉल प्लांट जून, 2023 तक पूरा होने की संभावना जतायी गयी है।