रांची वेटनरी कॉलेज में एल्‍युमिनी मीट, उपलब्धि एवं योगदान पर चर्चा

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित रांची वेटनरी कॉलेज में शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक एल्‍युमिनी मीट की शुरुआत हुई। मौके पर डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने सभी पूर्ववर्ती छात्र -छात्राओं का गुलाब फुल भेंट कर स्वागत किया। मीट में शामिल 1999 बैच के 22 पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं से उनके कार्यस्थल एवं पशुपालन क्षेत्र में योगदान के बारे में जाना।

डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने कहा कि वर्ष 1961 में स्थापित रांची वेटनरी कॉलेज के सभी पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं हमारे ब्रांड एम्बेसडर है। इस कॉलेज का इतिहास बेहद गौरवपूर्ण रहा है। कॉलेज के छात्र-छात्राएं झारखंड सहित देश एवं विदेश में पशुचिकित्सा और पशुपालन के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं।

डॉ प्रसाद ने पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं को कॉलेज की स्थापना एवं वर्ष 1999 के बाद मिले शैक्षणिक, शोध एवं प्रसार क्षेत्र की स्थिति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। कहा कि कृषि एवं पशुपालन का क्षेत्र एक दूसरे के पूरक हैं। किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ पशुओं का देश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण स्थान है।

प्रदेश सरकार पशुधन विकास की दिशा अनेकों योजनायें चला रही है। गत माह 29 पशु चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। पशु चिकित्सकों को मूक पशु प्राणी की सेवा में अपने कर्तव्यों के प्रति निरंतर सजग रहने की जरूरत है।

मौके पर डीन पीजी डॉ एमके गुप्ता ने पशुओं के एफएमडी एवं अन्य रोगों से सबंधित शोध कार्यक्रमों एवं शोध उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशुओं की संख्या करीब 11 करोड़ है। इनके स्वास्थ्य सबंधित सर्वे कार्य चल रहे है। राज्य सरकार द्वारा टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।

विश्वविद्यालय प्राध्यापक (पशु प्रसार) डॉ आलोक कुमार पांडे ने गोकुल मिशन योजना अधीन चलाये जा रहे तीस दिवसीय कुल 8 मैत्री प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सुकरपालन, बकरीपालन एवं मुर्गीपालन पर कार्यान्वित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अनुभवों को साझा किया।

इस मौके पर डॉ सुरेश मेहता, डॉ आफताब आदिल, डॉ राजु प्रसाद, डॉ रविन्द्र कुमार, डॉ प्रवीण कुमार, डॉ अभिषेक कुमार, डॉ विशाखा सिंह एवं डॉ नंदिनी कुमारी भी मौजूद थे।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं, कॉलेज में स्थापित क्लिनिकल काम्प्लेक्स, पशु फार्म, नये लेबोरेटरी का भी अवलोकन करेंगे। देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।