कार्ड धारियों को कल एक साथ मिलेगा दो महीने का राशन

झारखंड
Spread the love

  • डीएसओ ने सभी बीडीओ, एडीएसओ, एमओ और बीएसओ को दिये निर्देश

रांची। राशन कार्डधारियों को एक साथ दो महीने का राशन मिलेगा। कल सहित चार दिन इसे बांटने का आदेश डीलरों को दिया गया है। इस संबंध में रांची जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी बीडीओ, एडीएसओ, एमओ और बीएसओ को निर्देश दिये हैं।

डीएसओ ने लिखा है पत्र

रांची जिले में 15 मार्च, 2023 को चावल दिवस आयोजित किया गया है। इस दिन जनवरी और फरवरी, 2023 के आवंटित खाद्यान्न का वितरण अनिवार्य रूप से किया जाना है। इसे लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी अनुभाजन क्षेत्र, रांची और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र लिखा है।

मार्च में 4 फीसदी वितरण

जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग ने 15 मार्च को आयोजित किये जानेवाले चावल दिवस को व्यापक और प्रभावी रुप से मनाते हुए जनवरी 2023 और फरवरी 2023 का खाद्यान्न वितरण कार्य अनिवार्य रूप से करने का आदेश दिया है। माह फरवरी 2023 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध 72 प्रतिशत और माह मार्च 2023 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध मात्र 4 प्रतिशत ही वितरण किया गया है।

डीसी ने दिए हैं निर्देश

जानकारी हो कि रांची जिला में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को ससमय खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाना है। इसे लेकर चावल दिवस का आयोजन करने के लिए पूर्व में ही रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा दिशा निर्देश दिये गये थे।

इस दिन चावल दिवस

विभाग के आदेश के अनुसार उपायुक्त द्वारा प्रत्येक महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त द्वारा लक्षित जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।