मुंबई। बॉलीवुड से 9 मार्च की सुबह फिर एक बुरी खबर आई। अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वह 67 साल के थे। अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर इस ख़बर की पुष्टि की है। इस खबर से पूरा बॉलीवुड शोक में है।
अनुपम खेर ने लिखा, ‘जानता हूं “मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है!” पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त #SatishKaushik के बारे में लिखूंगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम !! Life will NEVER be the same without you SATISH! ओम् शांति!’
सतीश कौशिक बॉलीवुड के कद्दावर अभिनेताओं में एक थे। वे हर किरदार में जान डाल देते थे। उन्होंने फिल्मों में हर तरह की भूमिका निभाई। हंसमुख और जिंदादिल सतीश कौशिक ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से एक्टिंग का कोर्स किया था।
सतीश की फिल्मों में यादगार भूमिका में एक ‘मिस्टर इंडिया’ का कैलेंडर भी था। उन्होंने फिल्म ‘रूप का राजा चोरो ककी रानी’ फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखा था।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में जन्मे सतीश कौशिक ने दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज के ग्रेजुएशन किया था। उन्होंने वर्ष 1983 में फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ से अपने करियर की शुरुआत की थी।
सतीश कौशिक को फिल्म ‘राम लखन’ और ‘साजन चले ससुराल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्ट अभिनेता का फिल्मफेयर आवार्ड भी मिला था। उन्होंने लोगों को होली की बधाई देते हुए कई तस्वीरें भी अपने ट्वीटर अकाउंट से शेयर किया था। इसके बाद अगले दिन ही उनके निधन की खबर आई।