विवेक चौबे
गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड स्थित विभिन्न विद्यालय के तीन शिक्षक मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए। इसमें कन्या मध्य विद्यालय कांडी की प्रभारी प्रधानाध्यापिका गीता सिन्हा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोखापी के सहायक अध्यापक नारायण मिस्त्री व मध्य विद्यालय सुंडीपुर के सहायक अध्यापक चौधरी कामेश्वर प्रसाद शामिल हैं।
मध्य विद्यालय मोखापी में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र राम ने की। मंच संचालन शिक्षक अरुण कुमार सिंह ने किया। विदा ले रहे शिक्षक नारायण मिस्त्री मध्य विद्यालय मोखापी में 17 नवम्बर 2003 को योगदान किए थे। वे बूथ संख्या 31 के बीएलओ के पद पर भी थे।
विद्यालय की छात्राओं ने विदाई गीत ‘सुना है आंगन व सुना है मन ना जाओ छोड़कर यही कहती है धड़कन’ प्रस्तुत कर सबों की आंखें नम कर दी। प्रधानाध्यापक ने अभिनंदन पत्र पढ़कर सबों को सुनाया। सेवानिवृत्त शिक्षक नारायण मिस्त्री को उपहार व सम्मान पत्र देकर विदाई किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक परमेन्द्र राम, दिलीप कुमार, विनोद मिस्त्री एसएमसी अध्यक्ष यशवंत कुमार सहित कई लोगों ने सेवानिवृत्त शिक्षक के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। मौके पर शिक्षक सतेंद्र पाण्डेय, जगरनाथ सिंह, नरेंद्र कुमार मेहता, राम किशुन राम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व बच्चे उपस्थित थे।