इंस्टाग्राम पर 2 साल बाद लौटे महेंद्र सिंह धोनी, आते ही डाला ऐसा पोस्ट कि लाखों फैंस ने लुटाया प्यार, देखें वीडियो

झारखंड
Spread the love

रांची। इंस्टाग्राम पर पूरे 2 साल बाद महेंद्र सिंह धोनी लौट आए हैं। आते ही उन्होंने ऐसा ऐसा पोस्ट डाला कि उनके लाखों फैंस ने प्यार लुटाते हुए कहा-वाह भाई वाह। भारतीय फैंस के लिए वह दिन सबसे बढ़िया होता है, जब उन्हें महेंद्र सिंह धोनी को देखने का मौका मिलता है।

अभी हाल ही में एम एस धोनी पुलिस की वर्दी में एक ऐड शूट करते नजर आए थे। अब उनका एक अन्य वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल में आग की तरह वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपने रांची के फार्म हाउस में ट्रैक्टर चलाते नजर आ रहे हैं। आइए आपको भी दिखाते हैं, उनका यह शानदार वीडियो…

यूं तो महेंद्र सिंह धोनी सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं हैं, लेकिन 2 साल बाद mahi7781 नाम से बने उनके ऑफिशियल पेज पर हाल ही में एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी सफेद गंजी पहन कर ट्रैक्टर चलाते हुए नजर आ रहे हैं और खेत में जुताई कर रहे हैं।

इस वीडियो को शेयर करके कैप्शन में लिखा गया है- कुछ नया सीख कर अच्छा लग रहा है, लेकिन काम खत्म करने में बहुत अधिक समय लग गया। इस वीडियो में धोनी एकदम प्रोफेशनल किसान की तरह खेत में जुताई करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर धोनी का यह वीडियो जंगल में आग की तरह वायरल हो गया। खबर लिखे जाने तक 13 घंटे में 31 लाख 23 हजार 872 लोग इसे लाइक कर चुके हैं।

धोनी के इस वीडियो को देखकर उनके फैंस का दिन बन गया। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने इस पर मजेदार कमेंट करते हुए लिखा कि ‘इस पर नंबर प्लेट तो है नहीं।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘इस बार खूब सारी स्ट्रॉबेरी होने वाली है।’ धोनी के एक फैन ने लिखा- ‘बॉस तो तुम… कोई भी काम छोटा नहीं है।’ तो एक यूजर ने लिखा कि ‘धोनी मेरे दिल की धड़कन है’। तो वहीं, 2 साल बाद इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने के बाद उनके फैंस ने उनका स्वागत किया और लिखा ‘वेलकम बैक टू इंस्टा थाला,  हमें और पोस्ट देखनी है।’