बीएयू में पशु-पक्षी प्रदर्शनी : गोवंश वर्ग में होचर के पशुपालकों का बोलबाला

झारखंड कृषि
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में एग्रोटेक किसान मेला के तहत शनिवार को आयोजित पशु-पक्षी प्रदर्शनी में गाय-भैंस के वर्ग में कांके प्रखंड के होचर गांव के पशुपालकों का बोलबाला रहा।

देशी गाय के वर्ग में होचर गांव के कोल्हा साहू को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। संकर नस्ल गाय के वर्ग में इसी गांव के उनित साहू प्रथम रहे। बाछी के वर्ग में कृष्णा साहू ने बाजी मारी।

इसी प्रकार उन्नत भैंस वर्ग में होचर के आशीष कुमार साहू, देशी भैंस में अनुज कुमार साहू और वयस्क पाड़ी के वर्ग में राजू कुमार ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

कुक्कुट प्रदर्शनी में कदमा गांव के विजय कुमार टोप्पो और पतराटोली के इरशाद चैंपियन रहे। नर सूअर में नगड़ी गांव के राजा टोप्पो, मादा सूअर में सेमर टोली के सन्नी गाड़ी और ग्रोअर सूअर में सेमर टोली के बबलू हेंब्रम प्रथम रहे। गाय-भैंस वर्ग में आशीष कुमार साहू को काफी सराहना मिली।

पशु पक्षी प्रदर्शनी में आसपास के एक दर्जन गांवों से कुल 191 प्रविष्टियां आयीं, जिनमें एक से एक आकर्षक गाय, भैंस, बाछी, पाड़ी, मुर्गी, सूकर भेड़, बकरी, बत्तख, घोड़ा आदि शामिल थे।

प्रदर्शनी का उद्घाटन खिजरी के विधायक राजेश कच्छप ने किया। पशुचिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता डॉ सुशील प्रसाद, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ जगरनाथ उरांव  और प्रो आलोक कुमार पांडेय ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया।