महाशिवरात्रि पर एक दूजे के अटूट बंधन में बंधे 11 जोड़ें

झारखंड सरोकार
Spread the love

रांची। महाशिवरात्रि पर लायंस क्लब ऑफ रांची समर्पण शाखा मोरहाबादी ने विश्व हिन्दू परिषद (झारखंड) के सेवा विभाग के सहयोग से 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया। भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह आज ही हुआ था। इस शुभ दिन को देखते हुए रांची जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने अपनी पत्‍नी श्रीमती आरती झा को इसके लिए प्रेरित किया।

रांची के सेवा सदन पथ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह वैदिक रीति से हुआ। इस अवसर पर ताओ इंटरनेशनल सोसाइटी की मलेशिया शाखा के 15 सदस्यीय मलेशिया सिंगापुर टीम के साथ मास्टर ने नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि उनके जीवन का पहला अवसर है, जब वैदिक रीति सम्पादित वैवाहिक कार्यक्रम देख रहे हैं।

प्रांत सह सेवा प्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद् की सहयोगी संस्थान बिरसा सेवा न्यास द्वारा 2016 से अब तक 2500 से अधिक जोड़ियों का सामूहिक विवाह रांची की विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से कराया गया है। अधिकांश जोड़ियां रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी जिले से अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़े व साधनों से वंचित परिवारों से आती हैं। पारम्परिक, रूढ़िवादिता, परम्पराओं, आर्थिक अभाव व सामाजिक विरोधाभास और कुरुतियों के चलते परम्परागत ढंग से विवाह करने में कठिनाई होती है। सामूहिक विवाह समारोह उनके लिए वरदान बन कर आते हैं।

विवाह के बाद सभी विवाहि‍त जोड़ों को प्रमाणपत्र निर्गत किये जाते हैं। नशापान आदि से दूर रहने का संकल्प दिलाया जाता है। सभी को दाम्पत्य जीवन की गाड़ी सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यकताओं के अनुरूप वस्त्र, बर्तन, कुर्सी, गद्दे तकि‍ये, वर वधु के परिधान श्रृंगार सामग्री के साथ-साथ तीन से चार जोड़ी कपड़े, जूते चप्पल, छाता, मंगल सूत्र व गहने दिये जाते हैं।

इस विवाह समारोह और जोड़ियों का निबंध पूरी जांच पड़ताल के बाद सृजन हेल्प संस्थान की निदेशक श्रीमती गुंजन गुप्ता द्वारा किया गया। इसके लिए उनके पति संजय कुमार ने पूरा साथ दिया।

इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ रांची के सिद्धार्थ मजूमदार, उनकी पत्नी शुभ्रा मजूमदार, विनोद गढ्यान, राजेश मोर, राजेश चौधरी, रांची लायंस क्लब ग्रेटर के धर्मेंद्र और लायंस क्लब ऑफ रांची समर्पण के सदस्य, अन्य क्लबों से आए सदस्यों के साथ-साथ रांची विश्व हिंदू परिषद के रांची महानगर के अध्यक्ष कैलाश केसरी, उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह मुंडा, कल्पना मुंडा, विहिप समरसता मंच के सह प्रांत प्रमुख दीपक कुमार महतो, दुर्गावाहिनी की बबीता ने अपने आशीर्वचन दिये।

माहेश्वरी सभा रांची के निवर्तमान अध्यक्ष जुगल मारू, शिव शंकर साबू और उपाध्यक्ष भाला ने भवन और आवश्यक बर्तन, फर्नीचर गद्दे चादर आदि उपलब्ध कराएं। नव जोड़ियों को हृदय से आशीर्वाद दिया।

विहिप सेवा विभाग के मीडिया प्रमुख और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि सेवा विभाग विश्व हिन्दू परिषद का प्रयास है कि तुलसी विवाह श्री रामजानकी विवाह व महाशिवरात्रि शिव पार्वती विवाह पर हिन्दू समाज आगे आये। फिजूलखर्ची, रूढ़िवादी परम्परा व कुरुतियों को त्याग कर साधनो से वंचित जोड़ियों का विवाह कराया जाए।