पर्यटन मंत्रालय का ‘भारत पर्व’ लाल किले के लॉन में कल से

नई दिल्ली देश
Spread the love

  • कार्यक्रम स्थल पर गणतंत्र दिवस परेड की कुछ बेहतरीन झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी

नई दिल्‍ली। पर्यटन मंत्रालय लाल किले के लॉन में 26 जनवरी से ‘भारत पर्व’ का आयोजन कर रहा है। यह 31 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम स्थल पर गणतंत्र दिवस परेड की कुछ बेहतरीन झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।

आयोजन स्थल पर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के साथ-साथ राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों की सांस्कृतिक मंडलियां, पैन इंडिया फूड कोर्ट और पैन- इंडिया क्राफ्ट बाज़ार भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का उद्घाटन 26 जनवरी को शाम 5.30 बजे होगा।

26 जनवरी को शाम 5.30 बजे से रात 10 बजे तक और 27 से 31 जनवरी, 2023 तक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस आयोजन से सभी दिनों में बड़ी संख्या में आगंतुकों के आकर्षित होने की उम्मीद है।

इससे पहले 2016, 2017, 2018, 2019 और 2020 (और वर्ष 2021 में वर्चुअल) में लाल किले के सामने लॉन और ज्ञान पथ पर भारत पर्व आयोजित किया गया था। लाल किले के सामने लॉन और ज्ञान पथ पर 2 साल के अंतराल के बाद फिजिकल इवेंट का आयोजन किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में फूड फेस्टिवल, हस्तशिल्प मेला, लोक और आदिवासी नृत्य प्रदर्शन, सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा प्रदर्शन, गणतंत्र दिवस झांकी का प्रदर्शन, लाल किले की प्रकाश सज्जा आदि शामिल होंगे। आयोजन के दौरान देखो अपना देश, एक भारत श्रेष्ठ भारत, जी20 और मिशन लाइफ के लिए ब्रांडिंग एवं प्रचार भी शामिल होंगे।