रांची। बंगाल की खाड़ी में अंडमान सागर के आसपास एक लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इसका असर 30 जनवरी यानी कल से झारखंड के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिलेगा। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने 29 जनवरी को दी।
केंद्र प्रमुख के मुताबिक पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा है। सबसे अधिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रामगढ़ में दर्ज किया गया।
आनंद ने बताया कि उत्तर और उससे सटे मध्य भागों में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज किया गया। अन्य भागों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। जैसे ही यह क्रॉस किया है, वैसे ही ठंडी हवाएं, उत्तर और उत्तरी-पश्चिमी हवाएं झारखंड में आई। इसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
केंद्र प्रमुख ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में अंडमान सागर के आसपास एक लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इसकी वजह से पूर्वी हवाएं राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में आ रही है। इससे इन भागों में गिरावट देखने को नहीं मिल रही है। आने वाले दिनों में भी यही स्थिति देखने को मिलेगी।
आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम डेवलप हो रहा है। इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई जा रही है। इससे पूर्वइया हवा का जोर है। इसके कारण पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
केंद्र प्रमुख के अनुसार न्यूनतम तापमान में 1 फरवरी से गिरावट देखने को मिलेगी। इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी। इसकी शुरुआत राज्य के उत्तरी भागों से होगी। 2 और 3 फरवरी से दक्षिणी और शेष भागों में गिरावट देखने को मिलेगी।
आनंद के मुताबिक पूरे जनवरी में पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड में देखा गया। बारिश नहीं हुई। कुछ बादल देखने को मिली। तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। यह मौसम में आ रहे बदलाव का द्योतक है।