Jharkhand : पर्यावरण मेला में होगी चित्रांकन और निबंध प्रतियोगिता, सभी स्‍कूलों के लिए शिक्षा सचिव ने जारी किए निर्देश

झारखंड
Spread the love

रांची। पर्यावरण मेला का आयोजन रांची के मोरहाबादी मैदान में होना है। इसमें चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता भी होगी। इसमें सरकारी, निजी सहित सभी स्‍कूल के विद्यार्थियों को भाग लेना है। इसे लेकर शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने कई निर्देश जारी किए हैं। इस बाबत 25 जनवरी को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को जानकारी दी है।

ये कराएंगे पर्यावरण मेला

शिक्षा सचिव ने आदेश में लिखा है कि युगांतर भारती और नेचर फाउंडेशन द्वारा 22 फरवरी से 3 मार्च, 2023 तक पर्यावरण मेला-2023 का आयोजन किया गया है। इसके अंतर्गत 23 फरवरी, 2023 को रांची के मोरहाबादी मैदान में पर्यावरण मेला में राज्यस्तरीय चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

ये निर्देश दिए गए

1. चित्रांकन का विषय ‘नीला ग्रह (पृथ्वी)’ और निबंध का विषय ‘जलवायु परिवर्तन’ है।

2. चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता में राज्य के सभी विद्यालयों (सभी सरकारी विद्यालय, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय, निजी विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, आर्मी / एयर फोर्स / सीआरपीएफ/ बीएसएफ/ कैन्ट बोर्ड रेलवे के स्कूल) के कक्षा 9 से 12 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

3. विद्यालय स्तर पर चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन 31 जनवरी, 2023 तक किया जाए। प्रत्येक प्रतियोगिता से विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त चयनित प्रविष्ठियों को 1 फरवरी, 2023 तक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा कर दिया जाए।

4. विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 5 फरवरी से 10 फरवरी, 2023 के बीच आयोजित किया जाएगा।

5. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 फरवरी, 2023 को पर्यावरण मेला, मोरहाबादी मैदान, रांची में कराया जाएगा।

6. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों की विवरणी 20 फरवरी, 2023 तक राज्य कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए।

7. विद्यालय एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजन के लिए जिला के जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी जवाबदेह होंगे।

8. विद्यालय एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अधिकतम व्यय 10,000 प्रति जिला होगा, जिसे प्रबंधन मद में उपलब्ध राशि से व्यय किया जाएगा।

9. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी एवं उसके एक अभिभावक के रांची आने-जाने का खर्च का वहन एवं उनके ठहरने की व्यवस्था युगांतर भारती द्वारा किया जाएगा।

10. विद्यालय, जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को युगांतर भारती द्वारा सम्मानित किया जाएगा।