Jharkhand : सरकारी कार्यक्रम और समारोहों में अब इन निर्देशों का करना होगा पालन

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने जारी किया आदेश

रांची। सरकारी कार्यक्रम और समारोहों के आयोजन को लेकर नया दिशा-निर्देश का पालन करना होगा। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने इसका आदेश 30 जनवरी ’23 को जारी किया। इसकी जानकारी विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, विभागाध्यक्ष और उपायुक्तों को दी है।

प्रधान सचिव ने पत्र में लिखा है कि झारखंड की पहचान एक जनजातीय बाहुल्य राज्य के रूप में है। झारखंड राज्य की संस्कृति में ‘जोहार’ बोलकर अभिवादन किये जाने की परम्परा है। यह इस राज्य की विशिष्ट संस्कृति एवं समृद्ध परम्परा को प्रतिबिम्बित करता है।

उपर्युक्त परिप्रेक्ष्य में यह निर्णय लिया गया है कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों एवं सरकारी समारोहों में अभिवादन के लिए ‘जोहार’ शब्द उपयोग किया जाय।

यह भी निर्णय लिया गया है कि सभी प्रकार के राजकीय कार्यक्रमों और सरकारी समारोहों में अतिथियों के स्वागत के लिए पुष्प गुच्छ (Bouquet) एवं अकेला पुष्प का उपयोग नहीं किया जाय। पौधा, पुस्तक, शॉल, मेमेन्टो देकर स्वागत किया जा सकता है।

इस संबंध में 25 जुलाई, 2019 को जारी आदेश को इस हद तक संशोधित किया जाता है। अनुरोध है कि राज्य सरकार द्वारा लिये गये उपर्युक्त निर्णयों का दृढ़तापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया जाय।