Jharkhand : कांके का न्‍यूनतम तापमान पहुंचा 1 डिग्री सेल्सियस

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। सर्दी बढ़ रही है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। झारखंड की राजधानी रांची से सटे कांके क्षेत्र के न्‍यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्‍सियस पहुंच गया। न्‍यूनतम तापमान में बीते 48 घंटे में करीब 3.5 डिग्री सेल्‍स‍ियस से अधिक की कमी आई है। हवा भी 3.3 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। तापमान में गिरावट होने से कनकनी बढ़ गई है।

घास पर बर्फ दिखी

बिरसा कृषि विवि के मुताबिक 8 जनवरी को कांके का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री और न्‍यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया। 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 18.5 और न्‍यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस था। 6 जनवरी को तापमान क्रमश: 21.5 और 5.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। तापमान गिरने से कई जगह घास में बर्फ की हल्‍की परत देखी गई।

असामान्‍य नहीं पारा

बिरसा कृषि विश्‍वविद्यालय के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के मुताबिक यह तापमान असमान्‍य नहीं है। इस मौसम में तापमान में अमूमन गिरावट दर्ज की ही जाती है। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की उम्‍मीद है।

कम रहता है तापमान

सामान्‍य तौर पर झारखंड की राजधानी रांची के शहरी इलाकों से कांके क्षेत्र का तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है। दोनों के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्‍स‍ियस तक का अंतर देखा जाता है।

रहें सावधान

तापमान में आ रही कमी को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्‍चे और बूढ़ों का खासतौर पर ख्‍याल रखने की जरूरत है। बूढे़ सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्‍चों को पूरी तरह ढंककर रखें।