जांच में 36 वाहनों के कागजात सही नहीं मिले, वसूला 5.59 लाख जुर्माना, 12 जब्‍त

झारखंड
Spread the love

  • रातू, रिंग रोड, पिठोरिया और करमटोली क्षेत्र में चलाया गया जांच अभियान

रांची। झारखंड की राजधानी रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रांची जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश लगातार वाहन जांच अभियान चला रहे हैं। इस क्रम में 31 जनवरी, 2023 को रातू, रिंग रोड, पिठोरिया और करमटोली क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक टैक्स डिफॉल्टर्स, ओवरलोडेड, बिना परमिट, प्रदूषण प्रमाण, बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, सवारी गाड़ी में क्षमता से अधिक यात्री बैठाने एवं वाहन संबंधी अन्य कागजातों की जांच जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा की गई।

158 वाहनों की जांच

कुल 158 वाहनों की जांच की गई। कार्यालय कर्मियों द्वारा बारी-बारी से सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसमें 36 वाहनों के कागजात सही नहीं पाए गए। 28 वाहनों (मालवाहक वाहनों, हाइवा, सवारी वाहन, दो पहिया आदि) से 5 लाख 55 हजार 950 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

12 वाहनों को किया जब्त

वाहन जांच अभियान के दौरान 12 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को मोरहाबादी टीओपी, पिठोरिया और रातू थाने में सुरक्षार्थ रखा गया है।

आगे भी जारी रहेगी जांच

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि वाहनों की जांच निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी वाहन स्वामी व चालकों से अनुरोध किया है कि वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं। वाहन संबंधित सभी कागजात अद्यतन रखें। वाहनों में लदान क्षमता के अनुसार ही परिवहन करें। सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कार्रवाई करने की बात कही।