चावल दिवस के जरिए कार्डधारियों को समय पर मिलेगा खाद्यान्न

झारखंड
Spread the love

  • महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को कार्यक्रम के आयोजन करने के निर्देश

रांची। झारखंड की राजधानी रांची जिले में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को ससमय खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने को लेकर चावल दिवस का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने इस संबंध में जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी अनुभाजन क्षेत्र, रांची और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी कर निर्देश दिए।

इन्‍हें मौजूद रहने का निर्देश

उपायुक्त द्वारा प्रत्येक महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है। उन्‍होंने लक्षित जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

व्यापक प्रचार-प्रसार का आदेश

जागरुकता के अभाव में कई ऐसे लाभुक हैं जो कि समय बीत जाने के बाद खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री जन वितरण प्रणाली दुकान से प्राप्त नहीं कर पाते हैं। ऐसे लाभुकों को जन वितरण प्रणाली दुकानों से ससमय खाद्यान्न प्राप्त हो, इसे लेकर उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के लाभुकों को चावल दिवस के संबंध में जानकारी देने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया है।