BIG NEWS-आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की रैली में फिर मची भगदड़, 3 लोगों की मौत

अन्य राज्य देश
Spread the love

आंध्रप्रदेश। बड़ी खबर आंध्र प्रदेश के गुंटूर से आयी है, जहां तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू की जनसभा में एक बार फिर भगदड़ मच गयी। गुंटूर में एक रैली के दौरान मची भगदड़ में 3 की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए हैं।

इससे पहले 28 दिसंबर को कंदुकुर में नायडू की रैली के दौरान भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी। चंद्रबाबू नायडू की रैली गुंटूर के विकास नगर पहुंची थी। यहां संक्रांति उपहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान भगदड़ मच गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले 10 दिनों से टीडीपी नेताओं की रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हो रही हैं। इससे पहले 28 दिसंबर को हादसा हुआ था। चंद्रबाबू नायडू कंदुकुर में एक रोड शो कर रहे थे। जब उनका काफिला गुडम सीवेज नहर को पार कर रहा था, तभी कई कार्यकर्ता नहर में गिर गए थे। इसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। इसके अलावा तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

नायडू ने इस घटना के तत्काल बाद अपनी सभा रद्द कर दी थी। उन्होंने मृतकों के निकटस्थ परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पार्टी के नेताओं से घायलों के लिए बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने को भी कहा था।