नगड़ी बीएसओ के वेतन पर रोक, गलत तरीके से राशन कार्ड बनाने पर कार्रवाई

झारखंड
Spread the love

  • जन वितरण प्रणाली, खाद्य आपूर्ति, धान अधिप्राप्ति से संबंधित समीक्षा बैठक

रांची। रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने 3 जनवरी, 2023 को जन वितरण प्रणाली, खाद्य आपूर्ति, धान अधिप्राप्ति मामलों की समीक्षा की। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग, जिला सहकारिता पदाधिकारी,  सभी सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।

बैठक में उपायुक्त द्वारा जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न के उठाव वितरण, धान अधिप्राप्ति केंद्रों में धान क्रय आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।

कम खाद्यान्न वितरण पर नाराजगी

उपायुक्त द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2003 और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण की विस्तार से समीक्षा की गयी। उन्‍होंने प्रखंडवार माह अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में खाद्यान्न के उठाव और वितरण की जानकारी ली। कम खाद्यान्न वितरण करने वाले प्रखंड के प्रति नाराजगी व्यक्त की। संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को ससमय खाद्यान्न का उठाव करते हुए शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

राशन वितरण नहीं होने तक वेतन रोका

बैठक के दौरान अनुपस्थित रहने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नगड़ी अरुण कुमार सिंह को उपायुक्त द्वारा शोकॉज करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया। माह दिसंबर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2003 के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण शून्य रहने पर उपायुक्त ने बीएसओ नगड़ी के वेतन पर रोक लगाने का भी आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित माह का राशन वितरण नहीं होता, तब तक उनके वेतन पर रोक रहेगी।

NFSA अंतर्गत मुफ्त मिलेगा अनाज

उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माह दिसंबर से बंद होने के बाद अब एनएफएसए यानी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2003 के अंतर्गत राशन कार्डधारियों को मुफ्त में अनाज उपलब्ध कराया जाएगा। NFSA अंतर्गत राशन कार्डधारियों को प्रति किलोग्राम 1 रुपये की दर से अनाज उपलब्ध कराया जाता था। उपायुक्त ने इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रांची को प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया।

अपात्र राशनकार्ड धारी पर कार्रवाई

उपायुक्त ने गलत तरीके से राशन कार्ड बनवा कर लाभ लेने वाले लोगों की जांच करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अपात्र लोग जो गलत तरीके से राशन कार्ड बना कर अनाज का उठाव कर रहे हैं, उनकी जांच करें। उन पर 420 का मामला दर्ज करें। इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा सभी BSO को ऐसे राशन कार्डधारियों की पहचान कर उनके नाम जिला आपूर्ति कार्यालय भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि उन पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा जिले में रिक्तियों के अनुसार पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया।

किसानों से तुरंत धान खरीदे

धान अधिप्राप्ति केंद्रों में धान क्रय की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जो किसान धान लेकर आ रहे हैं, उनसे तुरंत धान प्राप्त करें। किसी भी किसान को नहीं लौटाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को 50% भुगतान तुरंत करें। 48 घंटे में पूरा भुगतान करने का प्रयास करें। जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अब तक किए गए धान क्रय का 80% भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को मिलर की टैगिंग करने के लिए एग्रीमेंट करने का निर्देश दिया गया।