युवाओं को आने वाले समय का रोडमैप तैयार कर लेना होगा : प्रो सिन्‍हा

झारखंड
Spread the love

निर्मला महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्‍ट्रीय संगोष्‍ठी का आयोजन

रांची। निर्मला महाविद्यालय में मनोविज्ञान विभाग के तत्‍वावधान में दो दिवसीय अंतर विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी उच्च एवं तकनीकी शिक्षा झारखंड सरकार द्वारा प्रायोजित है। इसका विषय ‘बदलते परिवेश में महिलाओं और युवाओं की भूमिका तथा उसका समाज पर प्रभाव’ है।

राष्ट्रीय संगोष्ठी के मुख्य अतिथि रांची विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार सिन्हा थे। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कुलपति ने कहा कि युवा ही हमारा भविष्य हैं। इन्हें अपने आने वाले समय का रोडमैप तैयार कर लेना होगा, तभी यह देश और समाज को सही दिशा में ले जा सकेंगे।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ ज्योति ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व का विषय है कि हम इतने महत्वपूर्ण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफलता के लिए शुभकामना दी।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ ज्योति प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह व पौधा देकर सम्मानित किया।

इस दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में विभिन्न प्रांतों से वक्ता आए हुए हैं। संगोष्ठी का मुख्य वक्तव्य आईआईटी खड़कपुर के प्रोफेसर डॉ आरके प्रधान ने दिया। उन्होंने महिलाओं और युवाओं की बढ़ती हुई सार्थक भूमिका पर विस्तृत विवेचना की। उसके सभी पहलुओं पर चर्चा की।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय लखनऊ, केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड, हैदराबाद विश्वविद्यालय, पुणे विश्वविद्यालय से गणमान्य अतिथि पधारे हुए हैं। वे अपना विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।

उद्घाटन के दौरान सुपीरियर सिस्टर सुषमा बैक, उप प्राचार्या सिस्टर शोभा, समन्वयक डॉ ज्योति प्रसाद व संयोजन समिति के सदस्य डॉ सरवतजबीन, डॉ इरा त्रिपाठी, डॉ विनीता सिन्हा उपस्थित थे। मंच संचालन डॉ सरवत जबीन और धन्यवाद डॉ इरा त्रिपाठी ने किया।।