रामगढ़ के वैभव कुमार शर्मा का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन में दर्ज

झारखंड
Spread the love

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के युवा कलाकार वैभव कुमार शर्मा ने अपना नाम लंदन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है। वह रामगढ़ के नईसराय करमाली टोली का रहने वाला है। उसने 10 वर्ष की उम्र से ही पेंटिंग करना शुरू कर दिया था। उसकी पेंटिंग भारत के जरिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन गई थी। लंदन के लोगों को वैभव की पेंटिंग बहुत ही पसंद आई है।

वैभव द्वारा बनाई गई ओशो की पेंटिंग को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने प्रशंसा पत्र भेजा है। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता संजय सर्राफ ने कहा कि वैभव को अच्छा प्लेटफार्म मिले तो वह झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन करेगा। उसकी सजीव चित्रण एवं मनमोहक पेंटिंग सभी का मन मोह लेता है।

वैभव ने प्रखंड से राष्ट्रीय स्तर तक चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर कई पुरस्कार जीता है। उसने 2019 में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार की ओर से रांची में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कि‍या। वैभव शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल रमेश बैस की बेहतरीन तस्वीर बनाकर उन्हें भेंट की है। इसी वर्ष 14 सितंबर को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेश बैस ने वैभव शर्मा को उत्कृष्ट पेंटिंग बनाने पर सम्मानित किया।

अग्रवाल सभा ने भी वैभव शर्मा को सम्मानित किया था। वैभव शर्मा ने कई महापुरुषों कई फिल्मी सितारों की भी बेहतरीन तस्वीर बनाई है। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण कला के क्षेत्र में वैभव को आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पैसे के अभाव में उच्च शिक्षा प्राप्त करने में भी काफी समस्या उत्पन्न हुई है। उनके पिता कारपेंटर है। झारखंड सरकार वैभव शर्मा को आर्थिक मदद देते हुए सरकारी नौकरी प्रदान करती है तो वह झारखंड का नाम ऊंचाई तक पहुंचा सकता है।

वैभव शर्मा की उपलब्धियां पर झारखंड राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष पुष्पा भुवालका, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, महामंत्री रवि शंकर शर्मा, प्रवक्ता संजय सर्राफ, रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री ललित कुमार पोद्दार, मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार नारसरिया, सचिव कौशल राजगढ़िया, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर पाटोदिया, मंत्री मनोज चौधरी, झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।