कांग्रेस नेता का विवादित बयान; कहा- ‘संविधान बचाना है, तो मोदी की हत्या के लिए रहो तैयार’, VIDEO में आप भी सुनें

मध्य प्रदेश देश
Spread the love

मध्य प्रदेश। वाहवाही लूटने के चक्कर में अक्सर लेने के देने पड़ जाते हैं। यहां भी ऐसा ही हुआ है। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है।

एक सभा को संबोधित करते हुए राजा पटेरिया ने कहा- पीएम मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहो। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। राजा पटेरिया ने कहा कि कि मोदी जाति, धर्म और भाषा के आधार लोगों को बांट देगा।

दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों का भावी जीवन खतरे में है। संविधान को बचाना है, तो मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहेगा। इस मामले में एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राजा पटेरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

राजा पटेरिया पन्ना जिले के पवई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अपने बयान पर सफाई देते हुए राजा पटेरिया ने कहा कि मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। हत्या का मतलब चुनाव हराने से था।

वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा करने वाले, देश तोड़ने वाली हरकत कर रहे हैं। ऐसे बयानबाजी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि ऐसे बयानों पर सरकार सख्ती बरतेगी।

बता दें कि खजुराहो के मूल निवासी राजा पटेरिया कांग्रेसी पूर्व विधायक रहे हैं। वे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं। जहां वे कह रहे हैं- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर लोगों को बांट देगा।

दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है। अगर संविधान को बचाना है, तो मोदी की हत्या के लिए तैयार रहो।” यह वीडियो पन्ना जिले के पवई में रिकॉर्ड हुआ है। पवई में वे प्रवास के दौरान कांग्रेस नेताओं को संबोधित कर रहे थे, तभी उन्होंने यह विवादित बयान दिया।

राजा पटेरिया पहली बार विवादों में नहीं घिरे हैं। पहले भी उन्होंने दमोह में आदिवासियों का पक्ष लेते हुए एक पुलिस अधिकारी को फोन पर धमकी दे दी थी। राजा पटेरिया ने, पुलिस अधिकारी को कहा था कि अगर आदिवासियों की बात नहीं मानोगे, तो वह आदिवासियों को नक्सली बना देंगे। राजा पटेरिया ने मीडिया से कहा मैं गांधी को मानने वाला इंसान हूं, हत्या की बात मैं नहीं कर सकता। मेरे बयान को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है। राजा पटेरिया ने बाद में ‘हत्या’ शब्द को ‘हार’ की परिभाषा बताई।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- पटैरिया जी के बयान को मैंने सुना है। इससे साफ होता है कि ये गांधी जी की कांग्रेस नहीं है। ये इटली की कांग्रेस है, जिसकी मानसिकता मुसोलिनी वाली रहती है। पटेरिया जी का बयान सुनने के बाद मैंने एसपी को तत्काल केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।