चार साल में भी नहीं बन पाया उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में पुल, परेशानी बढ़ी

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र गोमिया प्रखंड के झुमरा पहाड़ के आसपास पुल निर्माण का कार्य बंद है। एक पुल का आठ माह से निर्माण बंद है। दूसरा करीब चार साल से बन ही रहा है।

गोमिया प्रखंड की पचमो पंचायत के पचमो से अमन तक सड़क निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसी सड़क पर सिमराबेड़ा के निकट छोटी नदी पर चार साल पहले पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन अभी भी काम पूरा नहीं हुआ है। वहीं, झुमरा से बेंदी गांव के बीच बनने वाले पुल का निर्माण पिछले पांच-छह वर्ष से बंद है।

इसी प्रकार चतरोचट्टी पंचायत के मंगरो और हजारीबाग जिला को जोड़ने वाली कोनार नदी पर बनने वाली पुल आठ माह से बंद है। इस पुल का शिलान्यास वर्ष 2019 में हुआ था। इस पुल के बन जाने से चतरोचट्टी पंचायत एवं आसपास के लोगों को बिष्णुगढ़ जाने में फायदा होगा।

वर्तमान में लोगों को 25 किलोमीटर की दूरी तय कर जाना पड़ता है। पुल निर्माण हो जाने पर दूरी घटकर 12 किलोमीटर हो जाएगी। ग्रामीण बताते हैं कि अभी आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है।

इस संबंध में चतरोचट्टी पंचायत के मुखिया महादेव महतो ने कहा कि इस पुल का निर्माण हो जाने पर यहां के लोगों का हजारीबाग जाना आसान हो जाएगा। समय की बचत और दूरी कम हो जाएगी। विष्णुगढ़ प्रखंड के लोगों को भी चतरोचट्टी बाजार और रांची जाने की सुविधा होगी।

पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह ने कहा कि उग्रवाद प्रभावित गांव में विकास कार्य बरसों से प्रभावित है। उसे सुचारु रूप से चालू कराने के लिए मुख्य सचिव से बात करूंगा।