शिक्षकों की मांगों पर जल्द उच्चस्तरीय बैठक कराएंगे प्रदेश राजद अध्यक्ष

झारखंड
Spread the love

पलामू। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की हुसैनाबाद शाखा के सदस्यों ने राजद के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव से उनके आवास पर भेंट की। पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। फूलमाला और बुके देकर उन्हें सम्मानित किया।

सदस्यों ने मांगों को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया। पूर्व विधायक ने कहा कि आपसबों की मांग शिक्षा और शिक्षक हितार्थ है। यह सरकार गरीब, गुरबों व अभिवंचित वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वालों की है। कोरोना काल में शिक्षकों का हर क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान रहा है। बेशक आपकी मांगों पर सरकार ध्यान देगी।

पूर्व विधायक ने कहा कि दो-चार दिनों में रांची प्रवास के दरम्यान संघीय पदधारियों की उपस्थिति में उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का प्रयास करेंगे। उनकी इस घोषणा से शिक्षकों की उम्मीदें बलवती हुई है। शिक्षकों का मानना है कि राजद यूपीए फोल्डर की सशक्त पार्टी है। उनकी मांगों को उचित फोरम पर रखकर शिक्षकों की आवाज बनेंगे।

भेंट करनेवालों में प्रखंड अध्यक्ष जुबैर अंसारी, सचिव निर्मल कुमार, पलामू प्रमंडल सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता, वरीय शिक्षक रविन्द्र चौधरी, अरुण कुमार चौधरी, सचिव हैदरनगर, प्रेम कुमार चौधरी संगठन सचिव, शकील अहमद, इकबाल अहमद, जितेंद्र राम, सुरेंद्र राम, कन्हैया प्रसाद, परमानंद प्रियदर्शी, अवधेश पासवान, महेंद्र बैठा सहित अन्य शामिल थे।