हेमंत सोरेन ने दी खुली चुनौती, गुनाह संगीन है तो सीधे गिरफ्तार करें

झारखंड राजनीति
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अगर उनको लगता है कि इतना संगीन गुनाह है तो सीधा गिरफ्तार कर लेना चाहिए। यह हमारे विपक्ष का एक सुनियोजित षड्यंत्र है। मैं समझता हूं कि यह ईडी का समन नहीं, बल्कि भाजपा के द्वारा उपयोग किया गया हथकंडा है। सीएम 3 नवंबर को रांची में अपने आवास के बाहर जमा हुए अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि अगर हमने गुनाह किया तो सीधा गिरफ़्तार करो। इन्होंने ईडी, भाजपा के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाई है। झारखंडियों से डर लगता है? अभी हमने कुछ किया भी नहीं, जब झारखंडी अपनी चीजों पर आ गए तो वह दिन दूर नहीं की आपको सि‍र छुपाने की भी जगह नहीं मिलेगी।

हेमंत सोरेन ने कहा कि इन लोगों ने हमेशा से यहां के आदिवासी, दलित, पिछड़ों को बर्बाद करने का काम किया है। यह लोग कभी नहीं चाहते कि यहां के आदिवासी, दलित, पिछड़े कभी आगे बढ़े। इन लोगों को आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों से चिढ़ लगती है।

सीएम ने कहा कि वतर्मान की गठबंधन की सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र सरकार बनने के बाद से शुरू हुआ था। कई बार हमारे विरोधियों ने अपनी चाल को अंजाम देने का काम किया। हर बार उनको मुंह की खानी पड़ी है।

हेमंत ने कहा कि विपक्ष के राजनैतिक षड्यंत्र को जवाब देने का समय आ गया है। झारखंड विरोधियों के हथकंडों को हम कभी कामयाब नहीं होने देंगे।

झामुमो के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने रांची के मोरहाबादी मैदान से जुलूस निकाला।