पोबी में 1830 से हो रही है आदिशक्ति माता दुर्गा की वैष्णवी पूजा

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के ग्राम पंचायत पोबी में प्राचीन पंच मंदिर स्थित है। इसमें प्राण प्रतिष्ठित पाषाण प्रतिमा का दुर्गा पूजा में पूजा करने की शुरुआत 1830 में जमींदारों ने की थी।

वर्ष, 2007 में सामाजिक राजनीतिक नेता बच्चन बेचारा ने ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर परिसर में कृत्रिम मंडप में कलश स्थापित कर माता दुर्गा की प्रतिमा की वैष्णवी पूजा अर्चना की शुरुआत की। यह आज भी अनवरत जारी है।

अष्टमी से एकादशी तक मेला सहित विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन यहां किया जाता है। सनातन धर्मावलंबियों के अलावा इस्लाम कौम के लोग भी इसमें भाग लेते हैं। पोबी का दुर्गा पूजा कौमी एकता सद्भाव का परिचायक हैं।

आदिशक्ति दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सह प्रधान पुजारी संपूर्णानंद प्रसाद, मीडिया प्रभारी योगेश कुमार पाण्डेय और पोबी पंचायत समिति सदस्य सह जमुआ प्रखंड उप प्रमुख मो रब्बुल हसन रब्बानी ने यह जानकारी दी।

रविवार रात में यहां देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रामीणों के सहयोग से दुर्गा पूजा जारी है। बच्चे, नौजवान, वृद्ध सभी माता भवानी की आराधना में समर्पित हैं। देश विदेश में अपनी सेवा दे रहे चित्रांश परिवार सहित अन्य समाज के लोग के पोबी में होने से पूरा गांव गुलजार हो जाता है।